Spread the love

मंडी में मनाया राज्य स्तरीय पेंशनर्स दिवस, वरिष्ठ पेंशनरों को किया सम्मानित

करंट न्यूज ब्यूरो
मंडी


शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम द्वारा मंडी के भीमाकाली मंदिर परिसर में राज्य स्तरीय पेंशनर्स दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम के प्रदेश अध्यक्ष ई. एएस गुप्ता ने की। कार्यक्रम के दौरान 80 वर्ष की आयु पार कर चुके पेंशनरों को शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।

प्रदेश स्तरीय इस कार्यक्रम में पेंशनरों ने सर्वसम्मति से एक 15 सूत्रीय प्रस्ताव पारित कर केंद्र व प्रदेश सरकार के साथ बोर्ड प्रबंधन को भेजने का फैसला लिया है। हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम ने मांग की है कि छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को जल्द लागू किया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने महंगाई भत्ते की किस्त शीघ्र जारी करने, 5, 10 और 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी मूल पेंशन में 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने पर पेंशन अलाउंस के बदले 1 अप्रैल 2017 से लागू करने, विचाराधीन पेंशन, पारिवारिक पेंशन, ग्रेच्युटी संबंधी मुद्दों का जल्द निपटारा करने की मांग की है।

इसके साथ ही पुरानी पेंशन बहाल करने, मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए बजट का प्रावधान करने, कम्युटेशन की समय पर अदायगी करने व पंजाब सरकार की तर्ज पर मेडिकल अलाउंस देने की प्रदेश सरकार व प्रबंधन बोर्ड से मांग की है।

इसके साथ ही विद्युत पेंशनर्स फोरम हिमाचल प्रदेश ने लोकसभा में प्रस्तावित विद्युत संशोधन विधेयक 2021 का विरोध किया है। प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में पेंशनरों ने सातवें वित्त आयोग की सिफारिशों पर पेंशनरों के लिए वन रैंक वन पेंशन शुरू करने की मांग भी की गई है।

इस समारोह में केंद्रीय व प्रदेश कार्यकारिणी के अलावा हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों के प्रधानों, सचिवों सहित करीब एक हजार विद्युत बोर्ड के पेंशनरों ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!