नाहन, करंट न्यूज़:
सिरमौर जिले के संगड़ाह में बीती रात एक हृदयविदारक हादसा हो गया। एक शव को लेकर गांव जा रहा बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि 9 लोग घायल हैं।
अंतिम संस्कार के लिए निकले थे, मौत ने छीन ली 4 जानें
जानकारी के मुताबिक चिनाड गांव, नौहराधार के जगदीश शर्मा का दिल का दौरा पड़ने से संगड़ाह अस्पताल में निधन हो गया था। शव को गांव अरलू ले जाने के लिए परिजनों ने बोलेरो कैंपर HP79-4595 किराए पर ली थी। गाड़ी डूंगी लाना पालर के कपिल देव चला रहे थे।
रास्ते में चिनाड के पास अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले रिश्तेदार और ग्रामीण भी वाहन में बैठ गए। रात करीब 12:45 बजे गतलोग के पास पहुंचते ही चालक का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क से उतरकर करीब 50 मीटर नीचे लुढ़क गई।
हादसे में 4 की मौत, 9 जख्मी
इस हादसे में 4 लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान राजेंद्र 37 पुत्र नूपा राम अरलू, देस राज 23 पुत्र प्रेम सिंह अरलू, रिखी राम 58 पुत्र जागर सिंह चिनाड और राम गोपाल 62 पुत्र गंगा राम चिनाड के रूप में हुई है।
घायलों में बृज मोहन 62, कृपा राम 61, देवेंद्र सिंह 44, सुनील शर्मा 21, राम स्वरूप 44, जय प्रकाश 45, संदीप 21, कमलेन्द्र 48 और चालक कपिल देव 39 शामिल हैं।
4 गंभीर घायल नाहन रेफर
चोटों की गंभीरता को देखते हुए कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव को प्राथमिक उपचार के बाद नाहन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। शेष 5 घायलों का इलाज सीएचसी संगड़ाह में चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच, इलाके में शोक
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम सीएचसी संगड़ाह में करवाया जा रहा है। थाना संगड़ाह में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
एक ही परिवार और गांव से जुड़े लोगों के साथ घटी इस त्रासदी से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।