करंट न्यूज़ ब्यूरो
रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जतिन कुमार ने कहा कि कांग्रेस वंशवाद और परिवारवाद को बढ़ावा देती है। रामपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा में दलित व आम गरीब आदमी का ख्याल रखते हुए उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया जाता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अनुसूचित जाति वर्ग के हित में नहीं है। जिस तरह से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने आनी के विधायक के खिलाफ टिप्पणियां की हैं, उससे साफ झलकता है कि वह इस समाज के प्रति अच्छी सोच नहीं रखते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस उप चुनाव में वोट से जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने विक्रमादित्य के बयान पर भी टिप्पणी करते हुए बताया आनी के विधायक पर जिस तरह से लफ्जों का प्रयोग किया, वह अशोभनीय एवं राजनीतिक मंच से अच्छा नहीं। भाजपा की सोच है कि पिछले पायदान पर बैठा व्यक्ति भी आगे आए व हर क्षेत्र में बराबर की भूमिका निभाए।
यही कारण है कि आज मोदी सरकार ने दलितों को हर क्षेत्र में सम्मान दिया है। इसी का नतीजा है कि भाजपा ने 12 दलितों को कैबिनेट मंत्री बनाया। जबकि पहली बार 4-4 राज्यपाल दलित हुए और राष्ट्रपति भी दलित। यहां तक की संविधान निर्माता एवं दलितों के मसीहा डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को भी गैर कांग्रेसी सरकार आने पर 34 साल बाद भारत रतन दिया गया।
जबकि कांग्रेस में परिवार के सदस्य प्रधानमंत्री बनने पर उन्हें भारत रतन मिलता रहा। उन्होंने बताया हिमाचल प्रदेश में वर्तमान मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति आयोग का गठन कर ऐसे समाज के हित को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाने की कोशिश की है।