करंट न्यूज ब्यूरो
शिमला
मंत्रिमण्डल ने क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए जिला मण्डी के कोटली में उप मण्डल (नागरिक) का सृजन करने को स्वीकृति दी।
बैठक में जिला चम्बा की ग्राम पंचायत बाट के आधार गांव में पशु औषधालय खोलने के साथ औषधालय के प्रबन्धन के लिए आवश्यक पदों के सृजन व इन्हें भरने को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
मंत्रिमण्डल ने जल शक्ति मण्डल शाहपुर के अन्तर्गत रानीताल में जल शक्ति विभाग का नया उप-मण्डल और इस उप-मण्डल के तहत ठाकुरद्वारा में नया अनुभाग खोलने का निर्णय लिया।
बैठक में जल शक्ति उप-मण्डल उदयपुर के अन्तर्गत पण्डित जवाहर लाल नेहरू राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय चम्बा के लिए जल शक्ति विभाग का नया उप-मण्डल खोलने को मंजूरी दी गई।
मंत्रिमण्डल ने जिला मण्डी के सुन्दरनगर विधानसभा क्षेत्र के चनोल में अटल आदर्श विद्यालय खोलने की स्वीकृति प्रदान की। जिला सिरमौर के राजगढ़ में नया स्वास्थ्य खंड कार्यालय खोलने के साथ आवश्यक पद सृजित करने की स्वीकृति भी दी गई।
मंत्रिमंडल ने विभिन्न श्रेणियों के 11 पदों के सृजन के साथ मण्डी जिले के थलौट में लोक निर्माण विभाग का नया मंडल सृजित करने का निर्णय लिया।
जिला सिरमौर के टिम्बी में लोक निर्माण विभाग का नया उप-मंडल खोलने के साथ इसके सुचारू संचालन के लिए आवश्यक पदों के सृजन को अपनी स्वीकृति दी।
मंत्रिमंडल ने विकास खंड नगरोटा बगवां और कांगड़ा के क्षेत्र से अलग कर बरोह में नया विकास खंड गठित करने को भी स्वीकृति दी।
मंत्रिमण्डल ने विकास खंड बमसन की 6 ग्राम पंचायतों को विकास खण्ड हमीरपुर में शामिल करने की स्वीकृति प्रदान की ताकि इन पंचायतों के लोगों को सुविधा मिल सकें।