केलांग, करंट न्यूज़ : लाहौल घाटी में वीरवार सुबह धार्मिक परिक्रमा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। द्रिलबु-री कोरा पर गए श्रद्धालुओं का जत्था अचानक हुई भारी बर्फबारी की चपेट में आ गया।
गोंदला के ग्राम राजस्व अधिकारी (VRO) से मिली जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु 17 सितंबर 2026 को तड़के द्रिलबु-री की परिक्रमा कर रहे थे। सुबह करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे हाई-एल्टीट्यूड ट्रैक पर फिसलन बढ़ गई।

फिसलन भरे रास्ते पर फिसलने से दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दावा डोमा भूटिया, पत्नी स्व. ताशी छेरिंग भूटिया, निवासी डोमा लॉज, बड़ा कागजोरा, दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल व यांगजिन, पुत्री कुनु राम, निवासी केलांग, तहसील लाहौल, जिला लाहौल-स्पीति के रूप में हुई है।
प्रशासन ने दिया 25-25 हजार का फौरी राहत
जिला प्रशासन ने आपदा राहत मानदंडों के तहत दोनों मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी कर दी है।

11 घायल, क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में भर्ती
इस हादसे में 11 अन्य श्रद्धालु मामूली रूप से घायल हुए हैं। सभी को सुरक्षित ट्रैक से रेस्क्यू कर क्षेत्रीय अस्पताल (RH) केलांग में भर्ती कराया गया है, जहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस महकमे के कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डाल कर सराहनीय भूमिका निभाते हुए ऊंचे पहाड़ पर बर्फ में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला। उन्हें केलांग अस्पताल पहुंचाया जहां पर उनका उपचार चल हुआ है