शिमला, करंट न्यूज़ : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का 1 से 3 अक्टूबर तक रोहड़ू और रामपुर विधानसभा क्षेत्रों का तीन दिवसीय दौरा सिर्फ सरकारी कार्यक्रम नहीं, सरकार के गांव के द्वार पहुंचने का संदेश बन गया। इस दौरान सीएम ने रोहड़ू को 182.87 करोड़ की 61 और रामपुर को 232.93 करोड़ की 28 विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
*भटवाड़ी और काशा-पाट में किया रात्रि प्रवास, बने पहले CM*
मुख्यमंत्री का पहाड़ के दुर्गम क्षेत्रों से भावनात्मक जुड़ाव इस दौरे में दिखा। उन्होंने रोहड़ू के दूरदराज क्षेत्र भटवाड़ी और रामपुर के काशा-पाट में रात्रि प्रवास किया। प्रदेश के इतिहास में वह पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने इन दोनों दुर्गम क्षेत्रों में रात गुजारकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
*सेब और दूध के दाम बढ़ाए, 4 स्कूलों को CBSE बनाने का ऐलान*
जनसंवाद के दौरान सीएम ने कई बड़ी घोषणाएं की।
– 1 दिसंबर से दूध के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी।
– MIS के तहत सेब का खरीद मूल्य 12 से बढ़ाकर 13 रुपये प्रति किलो।
– रोहड़ू PM श्री स्कूल, भटवाड़ी के नए भवन, काशा-पाट स्कूल और रचौली स्कूल भवन के लिए 2-2 करोड़।
– जांगला, चिड़गांव, धमवाड़ी और तकलेच स्कूलों को CBSE में बदलने की घोषणा।

*अस्पताल, तहसील और सड़क के तोहफे*
सीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संदासू को सिविल अस्पताल बनाने, समरकोट में सब-तहसील खोलने, चिड़गांव में SDM कार्यालय के लिए सर्वे, बरशील पुल को वाहन योग्य बनाने, चिंगवाड़ी सड़क के लिए 20 लाख और महिला मंडलों को 5-5 लाख देने का ऐलान किया। टिक्कर-जरोल-गाहन सड़क के लिए 36 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं, जिससे सेब बागवानों को फायदा होगा।
*एंटी चिट्टा रैली और श्रमिकों को 5.78 करोड़ की मदद*
दोनों विधानसभा क्षेत्रों में सीएम ने एंटी चिट्टा रैली में हिस्सा लेकर प्रदेश को नशा मुक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। नोगली में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के तहत 1471 श्रमिकों और आश्रितों को 5 करोड़ 78 लाख रुपये की वित्तीय सहायता भी वितरित की गई।