Spread the love

करंट न्यूज ब्यूरो
शिमला

प्रदेश में लगातार कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए हिमाचल सरकार ने प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से संचालित की जा रही 10वीं और 12वीं कक्षा के अलावा कॉलेजों में स्नातक स्तर की परीक्षाओं को 17 मई तक स्थगित कर दिया है।

कोरोना की स्थिति को लेकर सरकार के स्तर पर एक मई को समीक्षा के बाद इन परीक्षाओं पर आगामी फैसला लिया जाएगा। शिक्षा बोर्ड की ये परीक्षाएं 13 अप्रैल से शुरू हुई थीं, लेकिन दो दिन बाद इन्हें स्थगित कर दिया गया है।

जबकि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की स्नातक स्तर की परीक्षाएं 17 अप्रैल से शुरू होनी थीं। शिक्षा सचिव राजीव शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की दृष्टि से सरकार ने यह फैसला लिया है।

हिमाचल में सीबीएसई 10वीं कक्षा के 15 हजार विद्यार्थी

हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष सीबीएसई से संबद्ध निजी, केंद्रीय व जवाहर नवोदय विद्यालयों में 15 हजार विद्यार्थियों ने 10 कक्षा की परीक्षा देनी थी। उधर, 12वीं कक्षा के करीब नौ हजार विद्यार्थियों को परीक्षाओं को लेकर एक जून तक इंतजार करना होगा।

बता दें आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक में सीबीएसई 10वीं की परीक्षा रद्द करने और 12वीं की परीक्षा स्थगित करने का निर्णय किया गया है।

निर्णय के अनुसार कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षाओं को रद्द और कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। एक जून को कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा के बाद बोर्ड द्वारा 12वीं की परीक्षा के लिए नया शेड्यूल तैयार किया जा सकता है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!