वीडियो कॉल पर भाई की आवाज सुन छलके आंसू
नेरचौक (मंडी), करंट न्यूज: कभी-कभी उम्मीद ही अपनों से मिलाती है। 32 वर्षीय ममता उर्फ मंजू की कहानी भी ऐसी ही है। पांच साल पहले परिवार से बिछड़ी बेटी आखिरकार अपने घर लौटने की दहलीज पर है।
ऊना में मिली थीं, मंडी में संभाला
ममता 30 मई 2021 को जिला ऊना में बेसहारा मिली थीं। प्रशासन ने उन्हें स्वधार गृह, चलाखा (लुनापानी) मंडी में रखा। काउंसलिंग की गई, लेकिन स्मरण शक्ति कमजोर होने से परिवार तक पहुंचना आसान नहीं था। उन्होंने बस इतना बताया – पिता गुरनैल सिंह, मां परमजीत कौर, तीन भाई-एक बहन, भाषा पंजाबी और पता- जम्मू पैलेस, नवा पिंड, कुष्ठ आश्रम, कपूरथला।
कपूरथला तक चला तलाश का सिलसिला
इसी अधूरी जानकारी को धागा बनाकर तलाश शुरू हुई। डॉ. रूमादेवी और डॉ. परमिंदर सिंह ने पंजाब में परिवार को ट्रेस करने में अहम भूमिका निभाई। एसडीएम बल्ह समृतिका नेगी, सीडीपीओ जितेंद्र सैनी, सबिता चंदा (इंडिया केयर्स) और पूरी टीम पांच साल तक जुटी रही और आखिरकार परिवार मिल गया।
वीडियो कॉल पर भावुक मिलन
वर्षों बाद जब वीडियो कॉल पर ममता की अपने भाई से बात करवाई गई तो दोनों तरफ आंसू छलक पड़े। अपनों की आवाज सुनते ही ममता का चेहरा खुशी से खिल उठा। वह पल पूरे स्वधार गृह के लिए भी भावुक कर देने वाला था।

यह सिर्फ एक लड़की के घर लौटने की कहानी नहीं, मानवता और करुणा की मिसाल है।
एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने कहा, “ममता को उसके परिवार से जोड़ने में सफलता मिली है। सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए औपचारिकताएं पूरी कर पंजाब सरकार से समन्वय किया जा रहा है। वीडियो कॉल पर भाई से बात करवाई गई है। वर्षों बाद अपनों से जुड़ना हमारे लिए संतोष और मानवीय संवेदना का विषय है।”