पांवटा साहिब (सिरमौर), करंट न्यूज़: उपमंडल की माजरा रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र बांसवाली में खैर तस्करों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने कानून को ही कुचलने की कोशिश की। बुधवार तड़के गश्त कर रही वन विभाग की टीम पर तस्करों ने पिकअप चढ़ाने का प्रयास किया। वर्दीधारियों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई।
सुबह 3:30 बजे हुआ खूनी खेल
वन परिक्षेत्र अधिकारी माजरा रेंज सचिन शर्मा के अनुसार बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे वन टीम बांसवाली सी-12 आरक्षित वन क्षेत्र में गश्त पर थी। टीम में वन रक्षक रमेश कुमार, प्रताप सिंह और चौकीदार गुरमेल सिंह शामिल थे। तभी उन्होंने तीन बाइकों पर खैर की लकड़ी ढो रहे तस्करों को देखा। पास में एक पिकअप भी खड़ी थी।
वन टीम को देखते ही तस्करों में हड़कंप मच गया और वे भागने लगे।
रोकने गए तो जान लेने पर उतारू हुए तस्कर
जब वनकर्मियों ने पिकअप को रोकने की कोशिश की, तो चालक ने रुकने के बजाय सीधा वाहन वन टीम की तरफ दौड़ा दिया। अचानक मौत को सामने देख जवानों ने रास्ते से हटकर जान बचाई। इसी दौरान पिकअप की रफ्तार धीमी हुई तो वन रक्षक रमेश कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए पिकअप का शीशा तोड़कर चालक का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया। इसके बाद आरोपी नसीम निवासी मिस्सरवाला पिकअप को तेज रफ्तार में भगाकर फरार हो गया।
लाखों का माल बरामद, केस दर्ज
मौके पर तलाशी लेने पर खैर के तीन कटे हुए पेड़ मिले। वन विभाग ने 36 लॉग बरामद किए, जिनका बाजार मूल्य 2,91,684 रुपये आंका गया है। साथ ही एक बाइक भी जब्त की गई है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी सचिन शर्मा की शिकायत पर पुलिस थाना माजरा में मामला दर्ज कर लिया गया है। डीएफओ वेद प्रकाश शर्मा ने घटना की पुष्टि की है।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।