केलंग, करंट न्यूज़ : जिला लाहुल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में 14 से 16 अगस्त तक आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव-2026 का आज भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ।
उत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने लोकगीतों, लोकनृत्यों और शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। देर रात तक चले कार्यक्रमों में दर्शकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों पर जमकर तालियां बजाईं।

मंडलायुक्त डॉ. आर.के. प्रूथी रहे मुख्य अतिथि
अंतिम सांस्कृतिक संध्या में मंडलायुक्त मंडी डॉ. आर.के. प्रूथी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने जनजातीय उत्सव के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, आयोजन समितियों, कलाकारों, विभिन्न विभागों तथा स्थानीय लोगों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश की विविध सांस्कृतिक विरासत को एक मंच प्रदान करने के साथ-साथ स्थानीय कला एवं प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

स्टार नाइट में नेहा दीक्षित ने लगाए चार चांद
समापन संध्या का विशेष आकर्षण इंडियन आइडल फेम गायिका नेहा दीक्षित रहीं। नेहा दीक्षित ने अपनी शानदार आवाज और लोकप्रिय गीतों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनके गीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते और थिरकते नजर आए।
वहीं स्थानीय गायक रवि नेहमा ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और स्थानीय प्रतिभा की शानदार झलक प्रस्तुत की।

एसी भरद्वाज, कुमार साहिल और इशांत भारद्वाज ने भी अपनी दमदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समापन संध्या को यादगार बना दिया और दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, उत्सव स्थल तालियों, संगीत और दर्शकों की उत्साहपूर्ण प्रतिक्रियाओं से गूंजता रहा।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने सभी सहयोगियों का जताया आभार
इस अवसर पर उपायुक्त किरण भड़ाना ने जनजातीय उत्सव के सफल एवं सुचारू आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, संगठनों, समितियों तथा स्थानीय हितधारकों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक चले इस आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, आयोजन समितियों एवं उप-समितियों ने पूरी प्रतिबद्धता और आपसी समन्वय के साथ कार्य किया।
उपायुक्त ने व्यापार मंडल, होटलियर्स एसोसिएशन, जीप यूनियन, टिप्पर यूनियन, सीमा सड़क संगठन (BRO), मीडिया प्रतिनिधियों तथा अन्य सभी सहयोगी संस्थाओं का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सभी हितधारकों के सहयोग एवं बेहतर समन्वय के कारण उत्सव के दौरान स्थानीय लोगों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना संभव हुआ।

पुलिस और प्रशासन की सराहना
किरण भड़ाना ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली की भी सराहना करते हुए कहा कि उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने में पुलिस कर्मियों ने सराहनीय भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में लोगों एवं वाहनों की आवाजाही के बावजूद पुलिस विभाग ने यातायात प्रबंधन को प्रभावी ढंग से संभाला।
संस्कृति और विरासत को मिला बड़ा मंच
जनजातीय उत्सव-2026 के तीनों दिनों के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प एवं अन्य गतिविधियों में स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों एवं कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्सव के माध्यम से लाहुल-स्पीति की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं, कला, हस्तशिल्प और स्थानीय विरासत को व्यापक मंच मिला।

शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा और स्टार नाइट के सुरों के साथ जनजातीय उत्सव-2026 की अंतिम संध्या ने केलांग की वादियों में ऐसा रंग जमाया कि दर्शक देर रात तक संगीत की धुनों पर झूमते रहे।
उत्सव का यह भव्य समापन स्थानीय संस्कृति, प्रदेश की विविधता और मनोरंजन का यादगार संगम बनकर लोगों की स्मृतियों में लंबे समय तक बना रहेगा।