कुल्लू, धर्मचन्द यादव :
मंडी जिला के सराज की मंजू देवी की कुल्लू अस्पताल में हुई मौत मामले के बाद हुए आंदोलन के मुख्य सूत्रधार बंटी सराजी के एक वायरल वीडियो ने नया बवाल खड़ा कर दिया है। वीडियो में बंटी सराजी ने दावा किया है कि “कुल्लू के डीसी साहब मेरे सामने रोए थे”।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कुल्लू का कौन सा डीसी बंटी सराजी के पास रोया और क्यों रोया? हालांकि जब यह हुड़दंगी आंदोलन चला तो उस समय कुल्लू के डीसी अनुराग चन्द्र शर्मा थे। जिनको फ़िलहाल 5 अगस्त को कुल्लू डीसी के कार्यभार से मुक्त किया गया है।
बंटी सराजी का दावा: “डीसी भी रोए, हमें भी रुलाया”
वायरल वीडियो में बंटी सराजी भावुक होकर कह रहे हैं,
“डीसी साहब भी रोए हैं, और उन्होंने भी हमें रुलाया है। लेकिन पीसना नहीं चाहिए। कल जो हुआ वो बहुत गलत था।”
उन्होंने आगे कहा, “आपने अपने बलबूते ये पद हासिल किया है… आप एक विजनरी हो, अच्छे से बात करते हो लेकिन कल जो हुआ वो बहुत गलत था।”
साथ ही सरकार को चेतावनी दी कि “अगर किसी को कुछ होता है तो जिम्मेदारी हिमाचल सरकार की होगी।”

तत्कालीन डीसी अनुराग चन्द्र शर्मा का पलटवार
बंटी सराजी के इस दावे पर तत्कालीन डीसी कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने करंट न्यूज़ के साथ बातचीत में तुरंत प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा, “बंटी सराजी ड्रामा कर रहे हैं। मैं क्यों रोऊंगा?” कुल्लू के तत्कालीन डीसी ने बंटी सराजी के आरोपों को सिरे से नकार दिया और कहा कि उनके रोने की बात बेबुनियाद व बेतुकी है।

क्या है पूरा मामला?
उल्लेखनीय है कि सराज की मंजू की मौत के बहाने बंटी सराजी के नेतृत्व में बड़ा हुड़दंगी आंदोलन हुआ था। आंदोलन के दौरान प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच कई दौर की वार्ता हुई थी। प्रशासनिक व चिकित्सा अधिकारियों को जम कर गालीगलौज किया गया। माना जा रहा है कि बंटी सराजी उसी दौरान की घटना का जिक्र कर रहे हैं।
अब वीडियो वायरल होने के बाद कुल्लू में चर्चा है कि आखिर कौन डीसी क्यों बंटी सराजी जैसे हुड़दंगी आंदोलनकारी के आगे भावुक हुए थे? क्या दबाव था? या ये सिर्फ आंदोलनकारियों का नया शगुफ़ा था ?
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
नोट : करंट न्यूज़ ने यह वीडियो फेसबुक वॉल से साभार लिया है। करंट न्यूज़ प्रबंधन यह भी कतई दावा नहीं करता कि वीडियो सत्य है या असत्य है।