Spread the love

कुल्लू, करंट न्यूज़ :
बुनकर सेवा केंद्र कुल्लू द्वारा देव सदन में *राष्ट्रीय हथकरघा दिवस-2026* का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त *डॉ. जयबंती ठाकुर* ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

*कुल्लू की वुलन साड़ी पहुंची विदेशों तक

मुख्य अतिथि डॉ. जयबंती ठाकुर ने बुनकर केंद्र द्वारा हथकरघा क्षेत्र में दी जा रही सहायता और तकनीकी ज्ञान की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला कुल्लू में हजारों लोग इस व्यवसाय से जुड़े हैं और यहां की बुनाई की पारंपरिक शैली को पूरे देश के साथ-साथ विदेशों तक पहचान मिली है। अब कुल्लू की वुलन साड़ी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी है।

उन्होंने कहा कि हथकरघा गांवों के लोगों की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है और कुल्लू के कई बुनकरों ने इस क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार तक प्राप्त किए हैं।

*ऑनलाइन प्लेटफार्म से जुड़ें बुनकर

डॉ. ठाकुर ने चिंता जताई कि बुनकर बड़ी मेहनत से बेहतरीन उत्पाद बनाते हैं लेकिन उन्हें उसके अनुसार उचित दाम नहीं मिल पाते। उन्होंने बुनकर सेवा केंद्र के अधिकारियों से आग्रह किया कि वे बुनकरों के उत्पादों की बिक्री के लिए बड़े ऑनलाइन विक्रेता प्लेटफार्मों से जुड़ने की संभावनाएं तलाशें, ताकि उत्पादों का दायरा बढ़े और बुनकरों को उचित मूल्य मिल सके।

*10 हजार बुनकरों को मिल रही तकनीकी मदद*

बुनकर सेवा केंद्र कुल्लू के कार्यालयाध्यक्ष *अनिल साहू* ने मुख्य अतिथि का शाल व टोपी पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने बताया कि बुनकर सेवा केंद्र भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय, विकास आयुक्त हथकरघा कार्यालय नई दिल्ली के अधीन कार्य करता है।

उपनिदेशक *विनय कुमार* ने बताया कि पूरे जिले में लगभग *10 हजार बुनकर* हैं। केंद्र प्रदेशभर के बुनकरों को नई तकनीकों, वस्त्र नमूने, पेपर डिजाइन और रंगाई-बुनाई की जानकारी बहुत कम शुल्क पर उपलब्ध करवाता है। केंद्र का उद्देश्य योजनाओं के माध्यम से बुनकरों की आर्थिकी को सुदृढ़ करना है।

*नवाचार और ई-कॉमर्स पर दिया बल

कार्यक्रम में पोलिटेक्निक कॉलेज सेऊबाग के प्रिंसिपल एवं निफ्ट के पूर्व निदेशक *डॉ. पुनीत सूद* ने हथकरघा में नवाचार, डिजिटल तकनीक और ई-कॉमर्स के महत्व पर प्रकाश डाला। जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक *प्रवीण लता*, खादी बोर्ड के *विवेक कुमार* और सेवानिवृत्त प्रबंधक *आनंद दोरजे* ने भी अपने विचार रखे।

*प्रतिभाओं को किया सम्मानित*

इस अवसर पर केंद्र द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं, वस्त्र मंत्रालय की योजनाओं के लाभार्थियों, राष्ट्रीय पुरस्कार और राष्ट्रीय प्रमाणपत्र प्राप्त बुनकरों तथा हथकरघा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिल्पियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में बुनकर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!