Spread the love

सोलन | करंट न्यूज़:
जिला पुलिस सोलन ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट की है। एंटी चिट्टा अभियान के तहत चलाई जा रही कार्रवाई में पुलिस ने नशे की तस्करी से कमाई गई 47 लाख 76 हजार से अधिक की संपत्ति और वित्तीय निवेश को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त किया है।

कैसे खुला पूरा मामला

एसपी सोलन के मुताबिक इसी वर्ष 10 मार्च को पुलिस की विशेष जांच टीम दाड़लाघाट क्षेत्र में गश्त पर थी। गुप्त सूचना पर कराड़ाघाट के पास नाकाबंदी की गई। जांच के दौरान एक आल्टो कार और एक ट्रक को रोका गया। तलाशी में ट्रक से 1 किलो 980 ग्राम चरस और 935 ग्राम अफीम बरामद हुई।

ट्रक चालक कमलेश कुमार को मौके पर गिरफ्तार किया गया। आल्टो कार चालक मनोज कुमार अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। इस संबंध में थाना दाड़लाघाट में मामला दर्ज किया गया।

जांच में पता चला कि मनोज कुमार ही मुख्य तस्कर था और वह अपनी कार से ट्रक को आगे ले जा रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल की लोकेशन और कॉल विवरणों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

तो 23 मार्च को पुलिस ने मुख्य आरोपी मनोज कुमार उम्र 40 वर्ष को सोलन शहर से गिरफ्तार कर लिया।

वित्तीय जांच में खुला बड़ा नेटवर्क

गिरफ्तारी के बाद मामले की गहन वित्तीय जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के खातों में भारी संदिग्ध लेन-देन हुआ है।

मनोज कुमार के खाते में: दिनांक 1.1.2023 से 10.3.2026 के बीच लगभग 2 करोड़ 5 लाख रुपये का लेन-देन मिला। यह उसकी वैध आय से कहीं अधिक है। पत्नी के खाते में: लगभग 58 लाख रुपये का लेन-देन और कई सावधि जमा मिलीं। आरोपी के फरार होने के बाद कुछ जमा समय से पहले तुड़वाई गईं।

बहन के खाते में: इस अवधि में भी संदिग्ध लेन-देन पाए गए। पिता के खाते में: 48 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन और बार-बार नकद जमा मिली।

अचल संपत्ति: आरोपी के नाम पर मौजा भड़ोग, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर में 5 बिस्वा जमीन दिनांक 26.03.2025 को खरीदी गई थी। विक्रेता के अनुसार इसका सौदा 28 लाख रुपये में हुआ था। अन्य निवेश: आवर्ती जमा, डाक जीवन बीमा, सुकन्या समृद्धि योजना और डाकघर बैंक खातों की भी जांच की गई।

कुल मिलाकर मनोज कुमार और उसके परिवार से संबंधित लगभग 45 लाख 32 हजार रुपये की संपत्ति और निवेश अवैध आय से जुड़े पाए गए।

बंजार से जुड़े चरस तस्करी के तार

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस नेटवर्क का मुख्य आपूर्तिकर्ता दत्त राम पुत्र पूरण चंद, निवासी गांव मशियार डाकखाना बठाहड़, तहसील बंजार, जिला कुल्लू है। वह वर्तमान में फरार है और उसके विरुद्ध उद्घोषणा आदेश जारी किए जा चुके हैं।

दत्त राम और उसके परिवार के बैंक खातों की जांच में मनोज कुमार और उसकी पत्नी से कई संदिग्ध लेन-देन मिले। इससे दोनों परिवारों के बीच आर्थिक संबंध होने के संकेत मिले। दत्त राम और उसके परिवार से संबंधित लगभग 2 लाख 44 हजार रुपये की संपत्ति भी नशे के कारोबार से जुड़ी पाई गई।

इस प्रकार कुल 47 लाख 76 हजार से अधिक की बैंक जमा, वित्तीय निवेश और अचल संपत्ति को चिन्हित कर जब्त किया गया है। पूरी रिपोर्ट आगामी कार्रवाई के लिए सक्षम अधिकारी को भेज दी गई है।

वर्ष 2026 का आंकड़ा

जिला पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक 2 मामलों में 13 आरोपियों से जुड़ी 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति को जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा तस्करों की संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नशे के पूरे आर्थिक नेटवर्क को तोड़ना ही पुलिस का लक्ष्य है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!