Spread the love

केलंग | करंट न्यूज़:
जिला लाहल-स्पीति* में तांदी पंचायत के करगा नामक स्थान पर बन रही स्थाई सब्जी मंडी का सपना अब साकार होने की ओर है। सब्जी मंडी के प्रथम चरण का कार्य अंतिम चरण में है।

जानकारी देते हुए जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं APMC कुल्लू-लाहुल स्पीति के सदस्य अनिल सहगल ने बताया कि पिछले वर्ष ही इस कार्य को शुरू किया गया था।

पहले चरण में 2 करोड़ खर्च, भूमि समतलीकरण का काम पूरा

अनिल सहगल ने कहा कि APMC द्वारा प्रथम चरण में भूमि को समतल बनाने के लिए 2 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया था। यह राशि खर्च कर जमीन को मंडी निर्माण के लिए तैयार किया जा चुका है।

इस कार्य का भूमि पूजन पिछले वर्ष कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार, विधायक अनुराधा राणा और APMC अध्यक्ष मियां राम सिंह के करकमलों से किया गया था।

दूसरे चरण के लिए 6 करोड़ की DPR भेजी

दूसरे चरण में सब्जी मंडी भवन, 6 दुकानें, ऑक्शन प्लेटफार्म, कैंटीन सहित अन्य सुविधाएं बनाई जाएंगी। इसके लिए 6 करोड़ रुपये की DPR तैयार कर बजट स्वीकृति के लिए शिमला सरकार को भेजी जा चुकी है।

सहगल ने बताया कि विधायक अनुराधा राणा लगातार मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री से इस कार्य को जल्द शुरू करने का आग्रह करटी आ रही हैं। उन्होंने स्वयं भी APMC अध्यक्ष मियां राम सिंह के नेतृत्व में शिमला में मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री से मुलाकात कर दूसरे चरण के लिए 6 करोड़ की राशि शीघ्र स्वीकृत करने की मांग की है।

30 साल पुरानी मांग पूरी होने जा रही

अनिल सहगल ने लाहुल की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि APMC अध्यक्ष मियां राम सिंह के नेतृत्व और सभी सदस्यों के सहयोग से लाहुल में 30 सालों से लंबित स्थाई सब्जी मंडी का कार्य अब मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के आशीर्वाद से प्रगति पर है।

उन्होंने कहा, “APMC सदस्य के नाते हर बैठक में करगा में सब्जी मंडी बनाने की मांग प्रमुखता से उठाई। आज मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री और अध्यक्ष मियां राम सिंह के समर्थन से जनता की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है।”

पूर्व सरकार पर निशाना

सहगल ने कहा कि पूर्व सरकार ने सिर्फ भूमि का चयन किया था, लेकिन न तो वन भूमि को APMC के नाम ट्रांसफर किया गया और न ही उचित बजट का प्रावधान हुआ।

पूर्व कृषि मंत्री द्वारा 26 करोड़ बजट का दावा करने पर उन्होंने कहा कि इसमें कोई सच्चाई नहीं है।

अंत में उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री स्वयं लाहुल आकर इस मंडी को जनता को समर्पित करेंगे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!