बिलासपुर | करंट न्यूज:
कीरतपुर-नेरचौक-मनाली फोरलेन पर निर्माण कार्य के चलते 24 और 25 जुलाई को 5 घंटे तक यातायात बंद रहेगा। डीसी राहुल कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
आदेश के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कैंची मोड़ टनल-1 से मंडी-भराड़ी चौक तक फोरलेन का यह हिस्सा पूरी तरह बंद रहेगा।
*क्यों बंद किया गया फोरलेन*
एनएचएआई परियोजना निदेशक, पीआईयू मंडी के अनुरोध और *एसडीएम श्री नैना देवी जी* की सिफारिश पर यह निर्णय लिया गया है। डीसी ने मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत आदेश जारी किए हैं।
दरअसल बीती बरसात में *मंडी भराड़ी पुल से टनल नंबर-1* के बीच कई जगहों पर *भूस्खलन* हुए थे। कुछ स्थानों पर एक ही लेन पर ट्रैफिक चल रहा है और *जगातखाना* के पास भी एक लेन पर मलबा गिरा हुआ है। निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए प्रशासन ने कुछ घंटों के लिए मार्ग बंद करने का फैसला लिया है।
*इन वाहनों को मिलेगी छूट*
इस दौरान एम्बुलेंस, वीआईपी वाहन, स्कूल बसें और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को आवाजाही की अनुमति होगी।
*वैकल्पिक मार्ग*
बंद के दौरान *पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग* से आवाजाही की जा सकेगी। स्वारघाट से चंडीगढ़, दिल्ली, मंडी, हमीरपुर और कुल्लू-मनाली जाने वाले वाहन पुराने रास्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे तय समय में *वैकल्पिक मार्ग* अपनाएं और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। इस मार्ग पर यातयात बंद होने से लोगों को करीब 3 घंटे अतिरिक्त सफर करना पड़ सकता है।