Spread the love

नाहन | सराहां | करंट न्यूज़ : जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल में रविवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला शिक्षक सहित 3 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में एक ही परिवार के पति-पत्नी की जान चली गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है।

*सराहां बस स्टैंड के पास कार खाई में गिरी*

हादसा सराहां बस स्टैंड से करीब 100 मीटर आगे रविवार शाम करीब 7.30 बजे हुआ। पुलिस और प्रशासन के अनुसार, एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। टीम ने घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

*कौन-कौन हुए हादसे का शिकार*

*रीना शर्मा (48)पत्नी राम लाल, निवासी धरगौण प्लासो, तहसील सराहां – शिक्षा विभाग में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अधिकारी जेटली (65) पुत्र रमाकांत शंकर जेटली – कार चालक, मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि उर्मिला जेटली पत्नी अधिकारी जेटली  गंभीर रूप से घायल थीं। प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रैफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

हादसे में यशस्वी जेटली पुत्र अधिकारी जेटली गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका इलाज नाहन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार चारों लोग सराहां क्षेत्र के ही निवासी थे।

*प्रशासन ने दी फौरी राहत, जांच जारी*

पच्छाद प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये और घायल को 5 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!