Spread the love

कुल्लू/मंडी, करंट न्यूज़ : कुल्लू जिले की बेटी और अंतर्राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी नीता राणा ने विश्व मंच पर हिमाचल का परचम लहराया है। पहले खो-खो विश्व कप की विजेता भारतीय टीम की सदस्य नीता राणा को भारत सरकार ने 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया है।

*दिल्ली में रचा था इतिहास

13 से 19 जनवरी 2025 तक नई दिल्ली में आयोजित पहले खो-खो विश्व कप में भारतीय महिला टीम ने खिताब अपने नाम किया था। इस ऐतिहासिक जीत में कुल्लू की नीता राणा ने टीम की अहम कड़ी बनकर अपनी फुर्ती, समझदारी और खेल भावना से अहम योगदान दिया। 

फोटो : एआई।

भारतीय खो-खो महासंघ के अध्यक्ष सुधांशु मिल और महासचिव उपकार सिंह विर्क के प्रयासों से भारत सरकार ने विश्व कप विजेता टीम के सभी खिलाड़ियों को 30-30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की है।

*प्रदेश खो-खो संघ ने जताई खुशी

नीता की इस उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के पदाधिकारियों ने गर्व जताया। प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक ठाकुर, महासचिव एलआर वर्मा, सीईओ देवीदत्त तनवर और प्रेस सचिव प्यार चंद सकलानी ने भारतीय खो-खो महासंघ के शीर्ष पदाधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे सम्मान से प्रदेश में खो-खो को नई उड़ान मिलेगी।

*राज्य सरकार से भी सम्मान की मांग

हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और खेल मंत्री यादविंदर गोमा से मांग की है कि क्रिकेट खिलाड़ियों की तरह कुल्लू की बेटी नीता राणा को भी राज्य सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि और सरकारी नौकरी देकर सम्मानित किया जाए। 

संघ ने कहा कि नीता राणा जैसी खिलाड़ियां पहाड़ी क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा हैं। उन्हें सम्मान मिलने से गांव-गांव में खेलों के प्रति रुझान बढ़ेगा।

*कुल्लू में जश्न का माहौल

नीता की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही कुल्लू में खुशी की लहर है। स्थानीय लोग और खेल प्रेमी नीता को बधाइयां दे रहे हैं कि कुल्लू की इस बेटी ने साबित कर दिया कि मेहनत से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!