केलंग, करंट न्यूज़: लाहुल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने घाटी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने जाहलमा नाले के बाद जोबरंग पुल का जायजा लिया और प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्थाएं तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

*वैकल्पिक मार्गों पर तेज होगा काम*
विधायक ने लिंगर-राशेल वैकल्पिक सड़क मार्ग के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में वैकल्पिक झूला पुल के निर्माण और वैकल्पिक पैदल रास्ता बनाने के लिए संबंधित विभाग को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की फसलों को समय पर मंडियों तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए यातायात बहाल करना बेहद जरूरी है।

*बाढ़ प्रभावित गांवों में सुनी लोगों की समस्याएं*
इसके पश्चात विधायक अनुराधा राणा ने गांव फडाक का दौरा किया, जहां हाल ही में आई बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है। इसके बाद उन्होंने हालिंग, जसरथ, तडंग और लिंडूर सहित अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

*समस्याओं के समाधान के लिए दिए निर्देश*
लोगों की परेशानियों को देखते हुए विधायक ने प्रशासन और संबंधित विभागों को मौके पर ही उचित दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राहत कार्य में तेजी लाने, क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों और पैदल रास्तों को जल्द बहाल करने को कहा।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं। सरकार हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है और प्रभावित लोगों को किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।