शिमला, करंट न्यूज़: मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 4 जुलाई सुबह 10:30 बजे जारी तात्कालिक पूर्वानुमान में प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदलने की चेतावनी दी है। अगले कुछ घंटों तक शिमला शहर और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
*इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार*
विभाग के अनुसार ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में तथा चंबा, शिमला और कांगड़ा जिलों के शेष हिस्सों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली गिर सकती है।
लाहुल-स्पीति और किन्नौर जिलों में तथा चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला जिलों के ऊंचे इलाकों में एक-दो जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं कुल्लू जिले के बाकी हिस्सों में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
*‘निगरानी रखें’ जारी हुई चेतावनी*
मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के लिए ‘निगरानी रखें’ यानी येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कहा है कि कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंच सकता है। कमजोर मकानों की छतों और ढीली वस्तुएं उड़ सकती हैं। हादसे की स्थिति में पेड़ गिरने और फिसलन भरी सड़कों पर वाहन फिसलने का खतरा भी है।
*नागरिकों के लिए जारी की गई सलाह*
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे बिजली के संचालन वाले उपकरणों से दूर रहें। बारिश के दौरान खुले में न निकलें और सुरक्षित स्थान पर रहें। पेड़ों और कमजोर इमारतों के नीचे खड़े न हों। पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें। साथ ही सड़क मार्ग या ट्रेन की पटरियों से दूर रहें। विभाग ने किसानों और बागवानों को भी सतर्क रहने और सरकारी निर्देशों का पालन करने को कहा है।