Spread the love

कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभूतपूर्व प्रयासों से भारतीय योग विज्ञान को मिली अंतर्राष्ट्रीय स्तर की पहचान

कुल्लू, करंट न्यूज़ : भारतीय जनता पार्टी जिला कुल्लू ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को बड़े उत्साह के साथ भुंतर स्थित एयरपोर्ट पर मनाया। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे ।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अमित सूद, पूर्व प्रत्याशी नरोतम ठाकुर, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी दानवेंद्र सिंह, अर्चना ठाकुर,महिला मोर्चा से मनीषा सूद के साथ साथ एयरपोर्ट अथॉरिटी भुंतर के अधिकारियों एवं स्थानीय जनता ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज की। पीतांजलि योगपीठ से बिंदिया सूद ने उपस्थित लोगों से योग करवाया और योग सम्बन्धित जानकारी दी।

प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा ने कार्यक्रम के समापन पर संबोधित करते हुए कहा कि योग को केवल व्यायाम समझना उचित नहीं है अपितु योग हमारे ऋषि मुनियों द्वारा अपने आंतरिक अवलोकन एवं अंतःकरण में छिपी शक्तियों को जागृत करने का विज्ञान है।

कहा कि समृद्ध भारतीय इतिहास में ऐसे अनेक उदाहरण हैं जो योग की शक्तियों का वर्णन करते हैं और मनुष्य के अंदर छिपी आध्यात्मिक एवं आलौकिक शक्तियों की विस्तृत चर्चा करते हैं। पुरातन भारत में हमारा विज्ञान एवं संस्कृति कितनी समृद्ध थी योग उसका सबसे बड़ा उदाहरण है जिसको केंद्र में रख कर दूसरे देशों ने अनेकों मार्शल आर्ट तकनीकों का अनुसंधान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्राचीन भारत के महत्वपूर्ण अंग योग की महता को पहचानते हुए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर योग को पहचान दिलाने के प्रयत्न किए और उनके प्रयासों से पूरे विश्व से लगभग 177 देशों ने अपना समर्थन देते हुए योग को मान्यता दी और 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने आवाहन करते हुए कहा कि सभी देशवासियों को इस विशेष दिन को पर्व की तरह मनाना चाहिए और शारीरिक और मानसिक उत्थान की ओर अग्रसर होना चाहिए यही इस योग दिवस का मूल है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!