Spread the love

कुल्लू, करंट न्यूज़ : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर रथ मैदान में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल्लू सदर के कांग्रेस विधायक ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्ज्वलित कर योग शिविर का शुभारंभ किया।

Screenshot

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित शिविर में 500 से अधिक लोगों में भाग लिया। शिविर में जिला प्रशासन के अधिकारी, नागरिक, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा योग साधकों ने भाग लिया और सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संदेश दिया। आयुष विभाग द्वारा अनुभवी योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास किया।

कुल्लू के विधायक ने ज़िला वासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र एवं वैज्ञानिक पद्धति है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर व्यक्ति को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के समक्ष मानसिक तनाव और नशे जैसी सामाजिक चुनौतियां बढ़ रही हैं। ऐसे में योग एक प्रभावी सुरक्षा कवच के रूप में कार्य कर सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को योग, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया।

विधायक ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करे तो स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से नशामुक्ति के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने का आग्रह किया।

शिविर में के प्रतिभागियों को ताड़ासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराया गया। साथ ही सभी ने जीवनभर नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

Screenshot

विधायक ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, आयुष विभाग तथा कुल्लू की जनता का आभार व्यक्त किया।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. मनु बाला गौतम ने मुख्य अतिथि सहित सभी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत तथा धन्यवाद किया।

योग शिविर में एसपी मदन लाल कौशल, एडीसी अश्वनी कुमार, सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष आशा देवी, उपाध्यक्ष शालिनी राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!