धर्मचंद यादव, संपादक करंट न्यूज़।
कुल्लू : जिला के बंजार विधानसभा क्षेत्र का जिला परिषद वार्ड धाऊगी इस वक्त पूरी तरह से सियासी उठा पटक का केंद्र बिंदु बना हुआ है। जहां से भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश ठाकुर आजाद प्रत्याशी के तौर पर जिला परिषद का चुनाव लड़ रहे हैं।
चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें लोगों का भारी समर्थन भी मिल रहा है। जिससे न केवल धाऊगी वार्ड में ही, बल्कि पूरे बंजार विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
जबकि, विधायक सुरेंद्र शौरी ओमप्रकाश ठाकुर की जीत की राह को पूरी तरह से बिगाड़ने के प्रयास में लगे हुए हैं। लेकिन उसके बावजूद भी ओम प्रकाश ठाकुर को धाऊगी वार्ड में जनता का भरपूर समर्थन व आशीर्वाद मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि ओमप्रकाश ठाकुर बंजार मंडल भाजपा से लेकर प्रदेश कार्य समिति तक के पदाधिकारी रहे हैं।हालांकि वह छात्र राजनीति से ही भाजपा के साथ जुड़ गए थे। जिसके चलते उन्होंने पार्टी को सींचने में बंजार विधानसभा क्षेत्र में कड़ी मेहनत की और पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा के बूते वह भाजपा की प्रदेश कार्य समिति में भी शामिल रहे।
हालांकि उन्होंने काफी पहले जिला परिषद चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर दी थी। लेकिन इसके बावजूद भी बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने उन्हें धाऊगी वार्ड में जिला परिषद का भाजपा समर्थित प्रत्याशी घोषित नहीं किया। बल्कि उनके स्थान पर कोटला क्षेत्र के तेज ठाकुर को जिला परिषद में धाऊगी वार्ड से भाजपा का समर्थित प्रत्याशी घोषित किया।
जिससे खफ़ा होकर ओमप्रकाश ठाकुर ने आजाद प्रत्याशी के तौर पर जिला परिषद के धाऊगी वार्ड से चुनावी ताल ठोंक दी। सियासी पंडितों की मानें तो ओम प्रकाश ठाकुर को भाजपा के एक बड़े तबके का भी अंदरूनी तौर पर पूरा समर्थन मिल रहा है, वहीं वार्ड की जनता भी ओम प्रकाश ठाकुर की बेहतर कार्यशैली व मिलनसार स्वभाव के चलते अपना भरपूर समर्थन दे रही है। फ़िलहाल जिला परिषद के धाऊगी वार्ड का चुनावी समीकरण क्या रहते हैं, यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
लेकिन एक बात तय है कि अगर ओमप्रकाश ठाकुर जिला परिषद के धाऊगी वार्ड से चुनाव जीतते हैं तो निश्चित तौर पर वहां से उनके लिए विधानसभा की राह भी खुल जाएगी। माना जा रहा है कि ओम प्रकाश ठाकुर वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को मद्देनजर रखते हुए 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में चुनावी ताल ठोंक सकते हैं।
राजनीतिक प्रेक्षकों की मानें तो बंजार से भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी को भी यही भय सता रहा है कि अगर ओमप्रकाश ठाकुर धाऊगी वार्ड से चुनाव जीतते हैं तो निश्चित तौर पर वह अगले विधानसभा चुनाव में उनकी राह का रोड़ा बन सकते हैं। यही वजह है कि उन्होंने जिला परिषद चुनाव में ओम प्रकाश ठाकुर को भाजपा समर्थित प्रत्याशी घोषित नहीं किया। बल्कि उन्होंने ओमप्रकाश ठाकुर को हराने के लिए पूरा जोर लगा रखा है।
लेकिन उसके बावजूद भी ओम प्रकाश ठाकुर जिस चुनावी हुंकार के साथ चुनाव रण क्षेत्र में उतरे हैं और जिस तरह से उन्हें लोगों का भारी समर्थन मिल रहा है। निश्चित तौर पर उसके परिणाम खास तौर पर विधायक सुरेंद्र शौरी को असहज कर सकते हैं।
फिलहाल चुनावी रण अंतिम दौर में है मंगलवार को मतदान होना है। उसके बाद परिणाम आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी कि विधायक सुरेंद्र शौरी ओम प्रकाश ठाकुर के सियासी प्रकोप से सुरक्षित रह पाएंगे या नहीं ?