Spread the love

कुल्लू, करंट न्यूज़ : उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा ने बताया कि जिले में पेट्रोल, डीज़ल एवं घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू रूप से जारी है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर लगभग 3,04,251 लीटर पेट्रोल तथा 3,72,417 लीटर डीज़ल उपलब्ध है।

इसके अतिरिक्त जिले की 16 गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी नियमित रूप से हो रही है। उन्होंने बताया कि 30 मार्च 2026 को 1764 घरेलू गैस सिलेंडर प्राप्त हुए हैं, जबकि एजेंसियों के पास 2763 घरेलू गैस सिलेंडर एवं 191 वाणिज्यिक गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।

उपायुक्त ने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की नीति के अनुसार वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने ढाबा एवं होटल संचालकों से अपील की कि वे ईंधन के वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें, ताकि वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों पर निर्भरता कम हो सके।

उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोलियम पदार्थों की खरीद करें। साथ ही गैस सिलेंडर बुकिंग के लिए टोल-फ्री नंबर पर एक बार ही मिस कॉल करने की सलाह दी, ताकि अनावश्यक दबाव से बचा जा सके।

उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!