सोलन : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में जंगल से प्रेमी जोड़े के शव मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर मौत के कारणों का खुलासा करने में जुट गई है। फ़िलहाल पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है।

जानकारी के अनुसार, सोलन के भोजनगर गांव के पास एक व्यक्ति ने जंगल में युवक की लाश देखी तो पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के अनुसार, करालघाट के घने जंगल में संदिग्ध हालात में युवती और युवक शव बरामद किए गए। युवक का शव जहां पेड़ से लटका हुआ था। वहीं, युवती जमीन पर गिरी हुई थी और उसके नाक मुंह से खून निकल रहा था।
एक व्यक्ति ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर एफएसएल जुन्गा की टीम को भी बुलाया गया था और साक्ष्य जुटाए गए हैं। जानकारी के अनुसार एक वाहन चालक करालघाट देवता मंदिर में माथा टेकने गया था। उसने शाम लगभग 5:15 बजे शव देखे।

पुलिस के मुताबिक मृतक युवक की पहचान 22 वर्षीय करण निवासी खील मोड़ (पडगयानी) सोलन और युवती की शिनाख्त 20 वर्षीय याशिका लामा निवासी गौतम बुद्ध विहार देउंघाट सोलन के तौर पर हुई है। हालांकि, युवती मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।