Spread the love

अम्ब (ऊना) : जिला के मैड़ी होली मेले में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित अश्लील हरकतें व मारपीट करने के मामले में पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जिसके तहत पुलिस ने आरोपी शिव निवासी शिहाटा, जिला अमृतसर पंजाब तथा पीड़िता की मां के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि वह पंजाब के एक गांव की रहने वाली है और 7वीं कक्षा में पढ़ती है। 23 फरवरी को वह अपनी मां व गांव की संगत के साथ डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी मैड़ी में माथा टेकने आई थी।

बताया कि सभी लोग एक धार्मिक स्थल के पीछे लगे टैंटों में ठहरे हुए थे। पीड़िता के अनुसार उसकी मां अलग टैंट में ठहरी हुई थी, जहां आरोपी व्यक्ति भी मौजूद था, जिसे उसकी मां पहले से जानती थी।

पीड़िता के आरोप के मुताबिक 27 फरवरी की रात करीब 1 बजे उसकी माता उसे यह कहकर टैंट से बाहर ले गई कि उसे बाथरूम जाना है। उसके बाद वह उसे टैंट से कुछ दूरी पर झाड़ियों के पास ले गई। जहां आरोपी पहले से खड़ा था और नशे की हालत में लग रहा था।

आरोपी ने उसे जबरन अपनी ओर खींचकर झाड़ियों में ले जाकर अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर उसने थप्पड़ मारे तथा हाथ में पहने कड़े से सिर पर वार किया, जिससे उसे चोटें आईं हैं। धक्का देने से वह जमीन पर गिर गई, जिससे उसकी पीठ व कमर में भी चोट लगी है।

पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उसकी मां भी मौके पर मौजूद थी। वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर टैंट में पहुंची और वहां मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी। बाद में जब संगत के लोगों ने उसकी मां से पूछताछ करनी चाही तो वह वहां से चली गई। उसके बाद संगत के लोगों ने पीड़िता के पिता को सूचना दी।

वहीं पुलिस की ओर से मेला अधिकारी एवं एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता का मेडीकल करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमें रवाना कर दी है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!