कुल्लू, करंट न्यूज़ : युवा रेड क्रॉस कुल्लू का दस सदस्यीय दल डॉ. राम कुमार एवं शीला शर्मा, कार्यक्रम अधिकारी, युवा रेड क्रॉस इकाई, जेएलएन राजकीय महाविद्यालय हरिपुर मनाली तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), जरड़ भुंतर के नेतृत्व में 25 फरवरी से 1 मार्च तक लवली यूनिवर्सिटी, फगवाड़ा में आयोजित राष्ट्रीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम में भाग लिया।
सहायक आयुक्त उपायुक्त कुल्लू, जयबंती ठाकुर ने बताया कि यह दल भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा कुल्लू द्वारा प्रायोजित किया गया था। इस शिविर में तेलंगाना, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब तथा जम्मू-कश्मीर के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से 184 युवा रेड क्रॉस स्वयंसेवकों ने भाग लिया। शिविर का आयोजन पंजाब राज्य रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा लवली यूनिवर्सिटी, पंजाब के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य मानवीय मूल्यों का संवर्धन, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, नेतृत्व विकास, जीवन रक्षक कौशल, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन तथा सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देना था।
इस दौरान विभिन्न संवादात्मक कार्यशालाएँ, अंतर-राज्य एवं अंतर-विश्वविद्यालय सांस्कृतिक तथा कौशल आधारित प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। प्रतिभागियों के लिए स्वर्ण मंदिर एवं जलियांवाला बाग, अमृतसर का शैक्षणिक भ्रमण भी करवाया गया।
राष्ट्रीय शिविर में कुल्लू युवा रेड क्रॉस दल को समग्र प्रदर्शन में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। जबकि विभिन्न प्रतियोगिताओं में लोक नृत्य (समूह) में प्रथम पुरस्कार राकेश राज, सार्थक, संजीव, शिवानी, रिदम, वंशिका, गुंजन एवं शिया ने हासिल किया।

एकल लोक गीत में प्रथम पुरस्कार राकेश राज, देशभक्ति गीत (समूह) में प्रथम पुरस्कार शिवानी, रिदम, वंशिका, गुंजन एवं शिया, एकल गीत में द्वितीय पुरस्कार वंशिका, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में द्वितीय पुरस्कार रिदम व पोस्टर निर्माण में तृतीय पुरस्कार सुदांशु ने हासिल किया।

उन्होंने कहा कि ज़िला रेड क्रॉस सोसाइटी,कुल्लू के अध्यक्ष एवं उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा ने विजेताओं तथा युवा रेड क्रॉस इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारियों को इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियाँ जिले का गौरव बढ़ाती हैं तथा अन्य जूनियर रेड क्रॉस एवं युवा रेड क्रॉस इकाइयों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
उन्होंने रेड क्रॉस टीम सचिव, समन्वयक एवं नोडल अधिकारी, जेआरसी/वाईआरसी द्वारा जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रेड क्रॉस कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन की भी सराहना की।