एसडीएम ने किया मेधावी व राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी छात्रों को सम्मानित
रामपुर (शिमला), करंट न्यूज़ : डीएवी पब्लिक स्कूल रामपुर बुशहर में रविवार को “अनहद” विषय पर आधारित वार्षिक समारोह अत्यंत भव्य, अनुशासित और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
समारोह विद्यालय की शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं खेल उपलब्धियों का प्रभावशाली प्रदर्शन रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, संस्कार एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रबल करना रहा।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेन्द्र नेगी ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक राकेश चंदेल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य अकलुष महाजन ने स्वागत भाषण में अतिथियों का अभिनंदन करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और भावी योजनाओं की जानकारी दी।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि डीएवी संस्थान शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को संस्कार, नैतिकता और जीवन मूल्यों से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों में डी.ए.वी. बैंड, स्वागत गीत एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। एल.के.जी. के स्वागत नृत्य, नर्सरी कक्षा द्वारा परिवार के महत्व पर प्रस्तुति, कक्षा दूसरी की राजस्थानी संस्कृति, कक्षा पांचवीं द्वारा ऑपरेशन सिंदूर, यू.के.जी. द्वारा स्वस्थ भोजन, कक्षा प्रथम की क्वाली प्रस्तुति, कक्षा तीसरी का बिहू नृत्य ने समारोह में आये मेहमानों को थिरकने पर विवश कर दिया।
जबकि कक्षा चौथी का मयूर नृत्य, छठी कक्षा का मराठी नृत्य, सातवीं कक्षा द्वारा हिमाचल की धरोहर, आठवीं कक्षा का हैदराबाद कांड पर आधारित नाटक एवं वाद्ययंत्र प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। सामाजिक संदेशों से ओत-प्रोत नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

शैक्षिक उत्कृष्टता के लिए कक्षा तीसरी के अनिक शर्मा, चौथी की दिव्या भंडारी, पांचवीं के आदित्य शर्मा, छठी के आरव ठाकुर व श्रीजा महाजन, सातवीं की अनाहिता तथा आठवीं की अस्मी सोनी को सम्मानित किया गया।
खेल क्षेत्र में आठवीं कक्षा की अंशिका भैक व अद्विती (मुक्केबाजी), परिधि (वॉलीबॉल), छठी कक्षा के मानविक कपार्टिया (कराटे) तथा कक्षा पांचवीं-चौथी की प्रिशा डोगरा, अद्विका, दिग्वी नेगी और रिवान कनैन ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।

समारोह के दौरान शैक्षिक उत्कृष्टता के लिए विभिन्न कक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं खेलकूद के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले छात्रों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया, जिससे विद्यार्थियों का उत्साह दोगुना हो गया।
समारोह के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। “अनहद” वार्षिक समारोह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को समर्पित एक प्रेरणादायी और स्मरणीय आयोजन साबित हुआ।