नाहन (सिरमौर) : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला राजगढ़ में भूमि तकसीम की एवज में 1 लाख रुपये रिश्वत लेने के मामले में पटवारी और रिश्वत देने के आरोप में शिकायतकर्ता के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार राजगढ़ पुलिस ने पंचायत सैरजगास में एक पटवारी के विरुद्ध एक लाख रुपये की रिश्वत लेने की प्राथमिकी दर्ज की है।
मिली जानकारी के मुताबिक राजगढ़ क्षेत्र के गांव सैरजगास निवासी राजेश कुमार ने अप्रैल माह में पुलिस में शिकायत की थी कि पटवारी हल्का पबियाना अदब सिंह ने भूमि तकसीम के एवज में अधिकारियों को देने के लिए 1 लाख रिश्वत देने की मांग की थी।
इसके साथ ही पटवारी ने उसे एक बैंक खाता नंबर दिया था। राजेश कुमार ने उस खाते में आरटीजीएस करके 94 हजार जमा किए और 6 हजार नकद दिए।
राजेश कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने सैरजगास में शामलात भूमि में से रूपलाल और सुंदरी देवी आदि से पहले 11 बिस्वा और बाद में 14 बिस्वा यानि एक बीघा 6 बिस्वा जमीन खरीदी थी। इस शामलात नंबर से ही सुप्रीति कौर ने भी दो बीघा 11 बिस्वा जमीन खरीद की थी।
मौके पर कब्जे के अनुसार उसने सुप्रीति कौर को प्रतिवादी बनाते हुए तकसीम का एक दावा किया हुआ था। उसमें सहयोग देने के लिए पटवारी अदब सिंह ने एक लाख की रिश्वत मांगी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन करते हुए सभी आरोप सही पाए।
जानकारी के अनुसार, पटवारी अदब सिंह के ससुर के बैंक खाते में 94 हजार आरटीजीएस से जमा किए और 6 हजार नकद पटवारी को दिए गए। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने बैंक व व्हाट्सएप में चैट की सारी जानकारी भी हासिल करने के बाद पटवारी अदब सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कर लिया है।
जबकि राजेश कुमार के विरुद्ध भी रिश्वत देने का मामला दर्ज कर लिया है। चूंकि शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने की जानकारी पुलिस को सात दिन के भीतर नहीं दी, इसलिए उसके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गंभीरता से मामले की जांच कर रही है।