शिमला : कूल्लू दशहरा उत्सव के दौरान तहसीलदार हरि सिंह यादव के साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार करने वाले देवता के तथाकथित देउलुओं के खिलाफ कार्रवाई न करने पर हि.प्र. राजस्व अधिकारी संघ ने कड़ा रुख अपनाया है।
संघ ने प्रदेश सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि अगर दो दिन में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो प्रदेश के तमाम राजस्व अधिकारी 13 व 14 अक्टूबर को पैनडाऊन हड़ताल पर रहेंगे। अगर इसके बावजूद भी इस मुद्दे पर सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की तो उस स्थिति में सभी राजस्व अधिकारी 15 अक्तूबर से सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश राजस्व अधिकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष एवं तहसीलदार जुन्गा नारायण सिंह वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को संघ के प्रतिनिधि मंडल ने इस मसले पर मुख्य सचिव संजय गुप्ता से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा है।
बताया कि दशहरा मेला संपन्न होने के बाद अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है, जोकि बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण है। नारायण वर्मा ने बताया कि इससे पहले संघ ने अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह से मुलाकात कर इस मसले पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की थी। परंतु आज तक इस बारे कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
नारायण वर्मा ने बताया कि मुख्य सचिव ने संघ को आश्वासन दिया है कि इस गंभीर मुद्दे की गहनता से जांच की जाएगी और जांच के दौरान इस मामले में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात कार्यकारी मैजिस्ट्रेट के साथ इस तरह की घटना होना दुर्भाग्यपूर्ण है। जिससे प्रदेश में कार्यरत राजस्व अधिकारियों का मनोबल गिरा है। कहा कि माफी मांगने के बावजूद भी जिस प्रकार तहसीलदार के साथ मारपीट की गई, उससे समूचे राजस्व अधिकारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
उन्होंने सरकार से राजस्व अधिकारियों को सरकारी ड्यूटी के दौरान सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। अब देखना यह है कि सरकार इस मसले पर कितनी जल्दी किस तरह की कार्रवाई करती है।