स्थानीय विधायक पर भी लगाए झूठ बोलने के आरोप
सुजानपुर (हमीरपुर), बिंदिया ठाकुर : प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखु होली मेले के शुभारंभ पर सुजानपुर अवश्य आएं, उनके यहां आने पर सुजानपुर भाजपा भी स्वागत करेगी। लेकिन वह मेले में आकर झूठी घोषणाएं न करें। अगर वह ऐसा करेंगे तो उनका विरोध होगा।
यह बात सुजानपुर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मंडल अध्यक्ष प्रोफेसर विक्रम राणा ने सुजानपुर पार्टी कार्यालय में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कही। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहीं।
प्रोफेसर विक्रम राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री 2023 के होली मेले के शुभारंभ पर भी यहां आए थे और सुजानपुर के लोगों को ठगने के लिए उन्होंने झूठी घोषणा की है। चूंकि 2 वर्ष बीत गए, लेकिन उनके द्वारा की गई घोषणाएं आज तक धरातल पर नहीं उतरी। कहा कि न तो शहर में दोनों डिवीजन चालू हुए न ही सिविल हॉस्पिटल 50 से 100 बेड का हुआ।
इतना ही नहीं बल्कि टोनी देवी में न तो कॉलेज खोला गया और न ही सुजानपुर में बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया। इसलिए मुख्यमंत्री इस बार जब सुजानपुर आएं तो वह इन झूठी घोषणाओं को याद रखें और इन्हें पूरा करने के बाद ही कोई और घोषणा करें।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में सुजानपुर में विकास कार्य हो रहे हैं। सुजानपुर में विकास कार्यों के लिए पूर्व में रहे विधायक राजेंद्र राणा ने करीब एक करोड़ 10 लाख रुपए की व्यूटिफिकेशन आफ सुजानपुर सिटी संबंधित डीपीआर अगस्त 2023 में बनाकर उच्च अधिकारी को भेजी थी।
जिस पर करीब 80 लाख रुपए की मंजूरी फरवरी 2024 को मिली थी और उस पैसे से ही अब यह कार्य सुजानपुर में शुरू हुए हैं। उन्होंने कहा कि फरवरी 2024 में कैप्टन रंजीत विधायक नहीं बने थे। इसलिए कैप्टन रंजीत सिंह इस बात की सुर्खियां न बटोरें कि यह कार्य उन्होंने शुरू करवाए हैं।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि दस्तावेज प्रस्तुत करके साफ हो जाएगा कि सुजानपुर की ब्यूटीफिकेशन को लेकर राजेंद्र राणा के क्या प्रयास थे। इसकी पूरी जानकारी दे रहे हैं। अगर सुजानपुर के विधायक ने भी इन कार्यो के लिए बजट मंजूर करवाया है तो इसके दस्तावेज सार्वजनिक करें, अन्यथा झूठ बोलना छोड़ दें।
उन्होंने कहा कि सुजानपुर संधोल सड़क निर्माण कार्य के शुरू होने पर सुजानपुर के विधायक ने झूठ बोला था जबकि सभी को पता है कि यह पैसा सांसद अनुराग ठाकुर के प्रयासों से सीआरएफ के तहत जारी हुआ है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कहा कि 5 मार्च को सुजानपुर शहर में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राणा की अगवाई में आक्रोश रैली निकाली जा रही है। यह रैली सुजानपुर में मुख्यमंत्री द्वारा झूठी घोषणा करने के संदर्भ में है।
बताया कि इस संदर्भ में उपमंडल अधिकारी को एक मांग पत्र भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री होली मेले के शुरू होने से पहले इन मांगों को पूरा करें, अन्यथा आने वाले दिनों में यह विरोध प्रदर्शन बड़े स्तर पर शुरू होगा।
उन्होंने कहा कि सुजानपुर के विधायक जब फ़ौज में थे तो नाम के साथ कैप्टन लगते थे। लेकिन अब नियम अनुसार उन्हें शिलान्यास पटिका पर अपना नाम ही लिखवाना चाहिए। जबकि वह अपना सरनेम कैप्टन साथ में लिख रहे हैं जो नियमों के मुताबिक सही नहीं है।
इस मौके पर भाजपा नेता सुधीर भटनागर, जोगिंदर ठाकुर, लेखराज ठाकुर व ज्योति प्रकाश सहित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।