Spread the love

ऊना : बीते शनिवार को हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के टाहलीवाल में पेट्रोल पंप लूटने के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को पंजाब के गढ़शंकर से गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपितों की पहचान मनप्रीत निवासी गढ़शंकर होशियारपुर और दलविंदर सिंह निवासी नवांशहर पंजाब के तौर पर हुई। पंजाब पुलिस के रिकॉर्ड में वांटेड दोनों चिट्टे के आदी हैं और नशे के लिए पंजाब में कई वारदातें कर चुके हैं।

जनकारी देते हुए ऊना के एसपी राकेश सिंह ने बताया कि आरोपियों को नशे की लत है। संभवतः नशे की पूर्ति के लिए ही आरोपियों ने टाहलीवाल पेट्रोल पंप में लूट की वारदात को अंजाम दिया। बताया कि लूट की घटना के बाद एसएचओ टाहलीवाल व एसएचओ हरोली सुनील सांख्यान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सड़कों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की।

तो पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि वारदात के दिन पेट्रोल पंप के पास एक कार वारदात की घटना से पहले तीन घंटे खड़ी रही। माना जा रहा है कि आरोपियों ने पहले पेट्रोल पंप की रैकी की। कार के वहां से जाने के करीब तीन घंटे बाद वारदात को अंजाम दिया गया।

एसपी ने कहा कि कार को संदिग्ध मानते हुए जब उससे जुड़ी जानकारियां जुटाई गईं तो पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। पंजाब पुलिस के सहयोग से मंगलवार रात को दोनों आरोपी पकड़ लिए गए। उन्होंने कहा कि पंजाब में दोनों आरोपियों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।

गौरतलब है कि बीते शनिवार को तड़के दो नकाबपोश लुटेरे बाइक पर सवार होकर टाहलीवाल स्थित पेट्रोल पंप में आए। उन्होंने पंप में तैनात कर्मियों से पेट्रोल डालने को कहा। जैसे ही एक कर्मचारी पेट्रोल डालने के लिए कमरे से बाहर निकला, आरोपियों में से एक कमरे में घुसकर दो अन्य कर्मचारियों पर वार करने लगा।

कर्मचारी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दूसरा बाइक सवार भी कमरे की ओर बढ़ा और तलवार से वार कर कांच का दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों के कर्मचारियों पर दराट और तलवार से वार किए। हमले में दो कर्मचारी घायल हो गए।

इसके बाद आरोपियों ने कर्मचारियों से करीब 60000 रुपये का कैश लूटा और मौके से भाग गए। कर्मचारी किसी को फोन न करें, इसके लिए आरोपियों ने चालाकी से उनके फोन छीने और कुछ दूर आगे फेंक दिए।

एसपी राकेश सिंह ने कहा कि हमारे पास पुलिस बल सीमित है। उसके हिसाब से पुलिस बल की तैनाती होती है। पुलिस संसाधनों के लिहाज से अपना सर्वश्रेष्ठ कार्य कर रही है। अपराध को रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों में और कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा रात के समय भी पुलिस नाकाबंदी करेगी।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!