सोलन, करंट न्यूज : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में एक युवक को बाइक चलाते हुए स्टंट करना भारी पड़ गया। पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी देते हुए सोलन के एसपी गौरव सिंह ने बताया कि हालांकि मामला 25 फरवरी को दर्ज किया गया है। युवक ने नेशनल हाईवे पर शमलेच के पास बाइक चलाते हुए खतरनाक स्टंट करने की रील बनाकर अपनी फेसबुक आईडी पर अपलोड की।
बताया कि साइबर सैल ने खतरनाक गतिविधियों का संज्ञान लेते हुए युवक के खिलाफ सदर थाना सोलन में मामला दर्ज करवाया। इसके आधार पर पुलिस ने युवक की पहचान करके उसको पूछताछ के लिए तलब कऱ लिया है।
गौरव सिंह ने बताया कि साइबर सैल प्रभारी सोलन ने 24 फरवरी को फेसबुक पर एक युवक द्वारा सोलन के शमलेच टनल नेशनल हाईवे पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाते हुए स्टंट करने की रील बनाकर अपलोड करने का मामला पाया।
इस तरह बाइक चलाना न केवल उसकी अपनी जान के लिए खतरे का कारण था, बल्कि दूसरे वाहनों और राहगीरों की जान भी जोखिम में पड़ सकती थी। इस पर पुलिस थाना सदर सोलन में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। बताया कि बाइक चालक की पहचान मंजुल पुत्र राजेश निवासी ढाडी गुनसा, तहसील जुब्बल जिला शिमला के तौर पर हुई है।
पुलिस छानबीन में पाया गया कि आरोपी युवक काफी समय से इस प्रकार की गतिविधियों को अंजाम दे रहा था और दूसरों को भी इस तरह के स्टंट करने के लिए उकसाता था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
एसपी गौरव सिंह ने सभी छोटे वाहन चलाने वाले खासकर दोपहिया वाहन चलाने वालों से अपील की है कि वे इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल न हों। क्योंकि इस तरह वाहन चलाने से अपनी जान के साथ ही दूसरे वाहन चालकों की जान को भी खतरा हो सकता है।
सभी दोपहिया वाहन चालक अपने वाहनों को सावधानीपूर्वक चलायें व दूसरों के किसी भी प्रकार के बहकावे में न। आयें। इसके साथ ही उन्होंने सभी दोपहिया वाहन चालकों से आग्रह किया है कि वह हमेशा हेलमेट पहन कर अपने वाहन को चलायें, ताकि दुर्घटना से बचा जा सकें।