करंट न्यूज ब्यूरो
सुंदरनगर (मंडी)
मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल में दो बच्चों की मां के अपहरण का हैरतंगेज मामला सामने आया है। अपहरण का आरोप एक प्रभावशाली व्यक्ति पर लगा है। इस मामले में सुंदरनगर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लग रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सुंदरनगर उपमंडल के बैहना गांव से दो बच्चों की मां का अपहरण किया गया है। महिला के पति बृजलाल व सास ने साथ लगते गांव जामला के एक व्यक्ति पर अपहरण का आरोप लगाया है। महिला के पति ने उपायुक्त मंडी से मिल कर न्याय की गुहार लगाई है।
बृज लाल ने उपायुक्त को दिये ज्ञापन में बताया कि उसकी शादी किरणा देवी से हिंदू रीति रिवाज से हुई है। उनका चार साल व डेढ़ साल के दो बेटे हैं। करीब तीन माह पहले 28 अप्रैल को जामला के रहने वाले एक व्यक्ति ने उसकी पत्नी का अपहरण कर लिया है।
इसकी शिकायत सुंदरनगर पुलिस थाना में करवाई गई। पुलिस की ओर से मांगे सभी दस्तावेज दिए गए। लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
जबकि अखिल भारतीय दलित पिछड़ा व अल्पसंख्यक वर्ग परिषद के महासचिव व प्रवक्ता चमन राही, राज्य संयोजक सनी तथा जिला उपाध्यक्ष शशि कांत ने बताया कि महिला का अपहरण करने वाले व्यक्ति का संबंध प्रभावशाली व्यक्तियों से है।
महिला का अपहरण करने वाले व्यक्ति तथा परिवार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाकर पीड़ित पति व बच्चों को न्याय प्रदान किया जाए।
पीड़ित पति व बच्चों को न्याय दिलाने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत की प्रति पुलिस अधीक्षक को भी भेजकर उनसे भी न्याय की गुहार लगाई है।