करंट न्यूज ब्यूरो
हमीरपुर
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर बारूदी सुरंग फटने से हमीरपुर का जवान कमल वैद्य शहीद हो गया। 27 साल के कमल वैद्य भारतीय सेना की डोगरा रेजिमेंट में तैनात थे।
पुंछ एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि कमल वैद्य को नियंत्रण रेखा पर कृष्णा घाटी सेक्टर में अग्रिम चौकी पर तैनात किया गया था।
इस दौरान बारूदी सुरंग फटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
जिला प्रशासन हमीरपुर को इस बात की जानकारी सेना की ओर से दे दी गई है। शहीद कमल वैद्य भोरंज उपमंडल की लगमन्वी पंचायत के घुमारवी गांव के रहने वाले थे। कमल वैद्य ने अप्रैल में छुट्टी काट कर नौकरी ज्वाइन की थी।
अगले महीने ही जवान की सगाई तय की गई थी। घर में सगाई की तैयारियां चल रही थीं। कमल अपने पीछे माता-पिता, बड़ा भाई और दो बहनों को छोड़ गए। कमल वैद्य की शहदत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।