कुल्लू, करंट न्यूज़ : डा. देवी चंद डीएवी पब्लिक स्कूल, मौहल का बहुप्रतीक्षित वार्षिक समारोह एवं पारितोषिक वितरण समारोह अटल सदन ढालपुर में भव्यता के साथ आयोजित किया गया। इस बार थीम रही – “वसुधैव कुटुम्बकम् – द वर्ल्ड इज़ वन फैमिली” जिसने एकता, सद्भाव, विविधता और समावेशिता का सुंदर संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और डीएवी गान से हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में कुल्लू उपायुक्त डा. अमित कुमार शर्मा उपस्थित रहे।
जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एआरओ एच.पी. ज़ोन-सी एवं डीएवी पब्लिक स्कूल मंडी के प्रधानाचार्य के. एस. गुलेरिया रहे। डीएवी मौहल के प्रबंधक व डीएवी सुंदर नगर के प्रधानाचार्य मोहित चुग के साथ विभिन्न डीएवी विद्यालयों के प्रधानाचार्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन
नन्हे कलाकारों ने संगीत, नृत्य और नाटक से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा ग्यारहवीं की छात्राओं की प्रस्तुति “स्वागत का सुरम्य संगम”, नर्सरी-एलकेजी के बच्चों की “संस्कृति की बहुरंगी झलक”, “घाटी की आत्मा” और “पर्वतों की सुर-लहरियाँ” ने हिमाचल की संस्कृति को जीवंत किया।
अंग्रेजी नाटक “The Enchanted Tale – Sleeping Beauty”, बाल श्रम पर आधारित नृत्य-नाटिका “Stolen Childhood” और महिला सशक्तिकरण पर “She Rises – The Power Within” ने गहरा सामाजिक संदेश दिया।
वैश्विक और भारतीय विविधता का संगम भी देखने को मिला। जमैका समूह गीत “कैरेबियन की सुर-लहरियाँ”, नेपाली लोक नृत्य “हिमालयी सामंजस्य”, पंजाबी नृत्य “पंजाब की जीवंत आत्मा”, मराठी प्रस्तुति “जीवंत गरिमा”, राजस्थानी नृत्य “रेगिस्तान की धुन” और कुल्लूवी नाटी “शान-ए-कुल्लू” ने खूब तालियां बटोरीं। अभिभावकों की प्रस्तुति “अतुल्य भारत” समारोह का विशेष आकर्षण रही।
पुरस्कार और न्यूजलेटर विमोचन
प्रधानाचार्य आर. एस. राणा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। शैक्षणिक, खेल और सह-पाठ्यचर्या में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यालय न्यूजलेटर अभ्युदय 2 — “प्रगति एवं उत्कृष्टता की ओर निरंतर प्रयास” का विमोचन भी किया गया।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों के समर्पण और विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की। के. एस. गुलेरिया ने डीएवी मौहल के 24 विद्यार्थियों के पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होने पर बधाई दी और उन्हें अनुशासन व खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन “Ekta Ke Rang – United We Shine” प्रस्तुति से हुआ। प्रधानाचार्य आर. एस. राणा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।