Spread the love

कुल्लू, करंट न्यूज़ : सूत्रधार कला संगम कुल्लू द्वारा देव सदन सभागार में आयोजित “एक शाम पंछी के नाम” कार्यक्रम में लोक संस्कृति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम हिमाचली लोक साहित्य, लोक संगीत एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रसिद्ध गीतकार एवं संगीतकार के. आर. पंछी को समर्पित रहा।

मंच उद्घोषक सुंदर श्याम महंत के स्वागत उद्बोधन से शुरू हुए कार्यक्रम में कलाकारों ने पंछी की लोकप्रिय रचनाओं को जीवंत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्या सागर एवं निशांत गौतम के निर्देशन में ट्विंकल, अनुष्का, अर्पिता ठाकुर, तारा, रेखा, संजय पुजारी, जीवन बुडाल, लाल सिंह, विजय, दिनेश एवं ए.के. अनुपम ने प्रस्तुतियां दीं।

संगीत सदन मंडी के संगीत गुरु उमेश भारद्वाज के शिष्य उर्मिला, दुर्वा, सुनीता, अनुपमा, एकता, आदित्य, सर्वज्ञ शर्मा तथा ओल्ड बॉयज मण्डी के कलाकार रामपाल शर्मा, नित्यदर्शी वैद्य, मोहिंदर पाल वैद्य, जगदीश कपूर, रविकांत कपूर, हेमंत गुप्ता, विनोद चौधरी एवं आकाश ने भी कार्यक्रम में रंग भर दिया। नृत्य प्रस्तुतियों ने खूब वाहवाही बटोरी।

स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश, विधायक ने दी बधाई

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बंजार विधायक सुरेन्द्र शौरी ने कहा कि सूत्रधार कला संगम ने 49 वर्ष पूर्ण कर स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश किया है। कला, संस्कृति, साहित्य एवं लोक परंपराओं के संरक्षण के लिए संस्था के प्रयास सराहनीय हैं। बंजार के मंगलौर पंचायत के मजां गांव से संबंध रखने वाले गीतकार के. आर. पंछी का सानिध्य गौरव की बात है।

इस अवसर पर पंचायत समिति बंजार अध्यक्षा लता ठाकुर, जिला परिषद सदस्य अनिल राणा, जोगिंदर शुक्ला व पी. के. रॉयल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत कुल्लवी परंपरा अनुसार शाल, टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। अध्यक्ष दिनेश सेन ने स्वागत भाषण दिया।

कला रत्न सम्मान, गीत पर थिरके विधायक

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण “सूत्रधार कला रत्न सम्मान” रहा, जिसके अंतर्गत के. आर. पंछी को शाल, टोपी, स्मृति चिन्ह व सम्मान भेंट किया गया। के.सी. शर्मा, रीता शर्मा, तेजेंद्र वशिष्ठ व सूरत ठाकुर को भी सम्मानित किया गया।

प्रचार प्रसार सहप्रभारी व लोक गायक धर्मेन्द्र शर्मा द्वारा पंछी के सम्मान में रचित विशेष गीत “गीता रचनू आला रागा न बोसनु आला म्हारे शोभले पंछी हो के. आर. पंछी” की प्रस्तुति पर विधायक सुरेंद्र शौरी भी थिरकने से खुद को नहीं रोक पाए और मंच के सामने कलाकारों के साथ नृत्य किया। सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

संगीत सदन मण्डी के गुरु उमेश भारद्वाज एवं सूत्रधार संगीत अकादमी प्राचार्य विद्या सागर को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

यह रहे मौजूद

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष व कार्यक्रम प्रभारी कंवर वीरेंद्र सिंह, महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगिन्दर ठाकुर, भण्डार प्रभारी तिलक राज चौधरी, सचिव मोनिका सागर व यशोदा शर्मा, प्रचार प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम, लोकनृत्य प्रभारी सीमा शर्मा, धर्मेन्द्र शर्मा, सुदेश कुमार, सुबोध सूद, विद्या सागर, निशांत गौतम, जीवन बुड़ाल, संजय पुजारी तथा प्रबंधक उत्तम चन्द उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!