Spread the love

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को 13 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक ढली बस अड्डे का लोकार्पण किया। इस बस अड्डे से अब ऊपरी शिमला के लिए बसों का संचालन किया जाएगा।

बस अड्डे में यात्रियों की सुविधा के लिए व्यावसायिक परिसर और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस अवसर पर पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने आधे-अधूरे कार्य छोड़ दिए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने 2022 के चुनाव से पहले 5000 करोड़ रुपये की घोषणाएं तो कीं लेकिन बजट का प्रावधान नहीं किया।

ढली बस अड्डे का शिलान्यास भी सिर्फ दिखावे के लिए किया गया था। कांग्रेस सरकार ने इस प्रोजेक्ट के लिए बजट उपलब्ध करवाया और 13 करोड़ रुपये की लागत से इसे पूरा किया।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि 24 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक वर्कशॉप बनाई जाएगी। इसके अलावा, सब्जी मंडी के निर्माण के लिए 40-50ः बजट का प्रावधान कर कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल परिवहन निगम (एचआरटीसी) को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि एचआरटीसी के कर्मचारियों को समय पर वेतन और पेंशन दी जा रही है।

अढ़ाई सौ डीजल बसों की खरीद की स्वीकृति मिल गई है, जो एक माह में बेड़े में शामिल होंगी। इसके साथ ही 300 इलेक्ट्रिक बसों को भी जल्द निगम में जोड़ा जाएगा।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!