सरकाघाट (मंडी), जिला के सरकाघाट उपमंडल के तहत गैहरा पंचायत में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार पुत्र बेसरी चंद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि रात करीब 8.30 बजे, वह अपने साथी गांधी ठाकुर और सरकारी ठेकेदार कुलदीप चंद के साथ काम देखने गए थे।
काम पूरा करने के बाद, कुलदीप चंद अपनी गाड़ी चला रहे थे और राकेश कुमार व गांधी ठाकुर उनके साथ वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे गैहरा से थोड़ी दूरी पर पहुंचे, कुलदीप चंद ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी सड़क से करीब पचास मीटर नीचे गिर गई।
हादसे के दौरान, कुलदीप चंद के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। जबकि राकेश कुमार और गांधी ठाकुर सुरक्षित बच गए। दोनों ने कुलदीप चंद को घायल अवस्था में गाड़ी से बाहर निकाला और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिवालसर ले गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल के डॉक्टर ने तुरंत पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव को मृतक के परिजनों को सौंप दिया जाएगा। डीएसपी संजीव गौतम ने घटना की पुष्टि की है और बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।