कांगड़ा : बीती रात श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम के साथ लगते गांव डाढ के मेला ग्राउंड में एक स्थानीय ट्रक चालक ने सोए हुए चार बच्चों पर ट्रक चढ़ा दिया।

इस हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक बच्चे की दोनों टांगें कट गईं और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि चालक घटनास्थल से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार रात 10ः30 बजे स्थानीय ट्रक चालक सोनू अपने ट्रक को लेकर मेला ग्राउंड में पहुंचा और उसने ट्रक को बैक करते हुए सोए हुए प्रवासी बच्चों पर चढ़ा दिया। हादसे के दौरान बच्चों के माता-पिता खाना लाने गए हुए थे।
जब बच्चों की चीख-पुकार सुनी तो साथ लगते घरों के लोग उठ गए। स्थानीय निवासी पंकज कुमार और सोनू कुमार दौड़कर मेला ग्राउंड पहुंचे। घायलों को तुरंत गाड़ी में नगरोटा बगवां अस्पताल ले गए।
पंकज कुमार ने अपनी गाड़ी में तीन बच्चों को नगरोटा अस्पताल में दाखिल करवाया। गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पंचायत प्रधान प्रवीण कुमार ने रात को ही पालमपुर पुलिस को सूचना दी। एसएचओ पालमपुर सुरिंद्र कुमार ने बताया कि चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।