कुल्लू, करंट न्यूज : हिमाचल प्रदेश घुमने आने वाले सैलानियों खास तौर पर पंजाब व हरियाणा से आने वाले सैलानियों की गंडागर्दी से हिमाचल के लोगों को अक्सर परेशान होना पड़ता है। पंजाब व हरियाणा से आने वाले कुछ सैलानी हिमाचल आ कर अपनी दबंगई दिखा कर यहां के लोगों से मारपीट करने से नहीं चूकते हैं।

कभी तलवारें तो कभी रिवाल्वर आदि लहरा कर लोगों को डराने का प्रयास करते हैं। जिससे प्रदेश में कई बार भय का माहौल व्याप्त हो जाता है और यहां के पर्यटन व्यवसाय पर विपरित असर पड़ता है।
ऐसे ही एक मामला मंगलवार जिला के भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर पेश आया है। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक घुमने आए सैलानियों ने जाम लगने की स्थिति में गाड़ी को आगे पीछे करने के विवाद में रिवाल्वर निकाल कर एक बस चालक को धमकाने का प्रयास किया।
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो के मुताबिक सैलानी पहले बस चालक के साथ बहस करते दिख रहे हैं। इसी बीच एक सैलानी ने रिवाल्वर निकाली और बस चालक की ओर बढ़ गया। हालांकि वीडियो में एक महिला और उसके साथी उसे रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
वीडियो में इससे पहले पुलिस कर्मी और अन्य लोग इन सैलानियों को समझाते हुए भी साफ दिखाई दे रहे हैं। लेकिन जैसे ही सैलानी ने रिवाल्वर निकाली तो लोग भय से इधर-उधर हो गए।

रिवाल्वर निकालने वाला सैलानी और उसके साथी पंजाब नंबर वाली गाड़ी में थे। वायरल वीडियो में उनकी गाड़ी का नंबर भी साफ नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि सड़क तंग होने पर सैलानियों को अपनी गाड़ी को थोड़ा पीछे करने को कहा गया। चूंकि सड़क तंग होने पर वहां पर जाम लग गया था।

बताया जा रहा है कि सैलानी गाड़ी पीछे करने के मसले पर भड़क गए और बस चालक से उलझ गए। इस दौरान यातायात जाम काफी लंबा हो गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। लेकिन अभी तक इस मसले पर पुलिस की तरफ से कोई अधिकारिक ब्यान नहीं आया है।