हमीरपुर/ अमृतसर : एचआरटीसी के हमीरपुर डिपो की हमीरपुर से अमृतसर जा रही बस में पंजाब के खिलचियां के पास अचानक आग लग गई। लेकिन सुखद यह रहा कि बस में सवार सभी यात्रियों के साथ चालक व परिचालक सुरक्षित हैं। जबकि आग लगने के कारणों पता नहीं चल पाया है।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह साढ़े दस बजे हमीरपुर डिपो की बस हमीरपुर बस अड्डा से अमृतसर के लिए रवाना हुई। बस शाम सवा पांच बजे के करीब व्यास व अमृतसर के बीच स्थित खिलचियां स्टेशन के पास पहुंची। तो बस में अचानक चिंगारियां उठने लगी।
बस चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत बस को रोका और यात्रियों को बस से नीचे उतारा। बस में सवार यात्रियों के साथ ही बस चालक व परिचालक नीचे उतर गए। उनके उतरते ही बस से आग की तेज लपटें उठने लगी और देखते ही देखते बस आग के गोले में बदल गई। उस वक्त बस में चालक व परिचालक के अलावा 14 यात्री सवार थे।
हालांकि बस में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया। लेकिन बढ़ता तापमान भी इसकी एक वजह बताया जा रहा है।
बस को हमीरपुर बस अड्डा से सुबह साढ़े दस बजे रवाना किया गया था और सवारियों को अमृतसर बस अड्डा पर शाम साढ़े पांच बजे पहुंचाना था। जैसे ही बस ने ब्यास पार किया तो गर्मी अधिक होने के कारण बस का अगला टायर फट गया। गति काफी होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और वहां रास्ते में पुल की ग्रिल से जा टकराई।
वहीं, निगम के उपमंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक का कहना है कि हमीरपुर से अमृतसर रूट पर जा रही हमीरपुर डिपो की बस में पंजाब में चलती बस में अचानक आग लग गई। बस में बैठे यात्रियों के साथ ही चालक व परिचालक सहित सभी सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही आग लगने के कारण के बारे में कुछ कहा जा सकता है।