तपोवन (धर्मशाला), करंट न्यूज़ : विधानसभा के शीतकालीन सत्र में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर ऐसा तीखा हमला बोला कि सदन में सन्नाटा छा गया। नियम 67 के तहत लाए गए प्रस्ताव पर बोलते हुए सुक्खू ने कहा कि भाजपा हर सत्र में आरोपों की पोटली लेकर आ जाती है, लेकिन तथ्य लेकर कभी नहीं आती।
*‘पहले अपने गिरेबान में झांको’*
मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की हालत अब ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ वाली हो गई है। जैसे ही सरकार ने सदन में श्वेत पत्र लाने की बात कही, अगले ही दिन भाजपा को नियम 67 की याद आ गई। सुक्खू ने कहा कि विपक्ष को आरोप लगाने से पहले अपने कार्यकाल के फैसलों का हिसाब भी देना चाहिए।
*‘भाजपा के राज में हिमाचल था ऑन सेल’*
सुक्खू ने सबसे बड़ा हमला आर्थिक फैसलों पर किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में हिमाचल प्रदेश को ‘ऑन सेल’ कर दिया गया था। अगर उस वक्त की सरकार में दृढ़ इच्छाशक्ति होती तो आज हिमाचल आर्थिक रूप से समृद्ध राज्यों की लाइन में खड़ा होता। लेकिन भाजपा ने प्रदेश के संसाधनों को कौड़ियों के भाव लुटाया।
*मेडिकल डिवाइस पार्क पर फूटा बम*
मुख्यमंत्री ने मेडिकल डिवाइस पार्क का मामला उठाकर भाजपा को घेर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार ने पार्क के लिए जमीन मुफ्त में दे दी थी। सुक्खू ने सवाल दागा कि जिस सरकार ने केंद्र को पैसा वापस लौटा दिया हो, वह हिमाचल को बेचने का आरोप कैसे लगा सकती है?

*स्वास्थ्य विभाग में ‘फर्जीवाड़े’ का बड़ा खुलासा*
सुक्खू यहीं नहीं रुके। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए कथित घोटालों पर भी बड़ा खुलासा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें पुरुषों की बच्चेदानी और महिलाओं के टेस्टिकल्स से जुड़े ऑपरेशन दिखाकर पैसे उठाए गए। उन्होंने कहा कि इनके साक्ष्य सरकार सदन में रखेगी।
*नई इंडस्ट्री पॉलिसी का ऐलान*
अंत में मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया कि सरकार जल्द ही नई इंडस्ट्री पॉलिसी लेकर आएगी। यह नीति पूरी तरह हिमाचल के हितों को ध्यान में रखकर बनाई जाएगी। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के संसाधनों और हितों के साथ कोई समझौता नहीं होगा, हिमाचल के हितों को बिकने नहीं दिया जाएगा।