चंबा : जिला के चंबा-खज्जियार सड़क मार्ग पर मियाड़ी गला के पास पैसों के लेन-देन के मसले पर एक युवक का रास्ता रोककर उससे पहले मारपीट करने व उसके बाद उस पर कार चढ़ाने का मामला सामने आया है।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित निर्मल कुमार पुत्र स्व अमरो निवासी गांव मियाड़ी गला डाक. रठियार तह. व जिला चंबा ने बताया कि बीती आधी रात को वह अपने घर जा रहा था। जैसे ही मियाड़ी गला के पास पहुंचा तो एक ऑल्टो कार में सवार कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।
ऑल्टो कार में मुनीष कुमार निवासी गांव सौंथली डाक. मैहला, अभिषेक गांव सिरना डाक. बंदला व हिमांशु शर्मा गांव मंगलेरा डाक. राख तह. व जिला चंबा सवार थे। बताया कि तीनों आरोपियों ने कार से उतरते ही उस पर लात-घूंसों की बरसात कर दी।
फिर बुरी तरह पिटाई करने के बाद बेसुध हालत में सड़क पर फेंक दिया। इसके बाद कार को बैक कर उनके ऊपर चढ़ा दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

उधर, पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी जांच शुरू कर दी है। साथ ही तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया है।
बताया जा रहा है पैसों के लेन-देन को लेकर यह मारपीट हुई है। फिलहाल, पुलिस इस मामले पर सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी और उसी के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।