शिमला : शुक्रवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने वाले 3 निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे बाद प्रदेश के बदले सियासी परिदृश्य को मद्देनजर रखते हुए भाजपा आलाकमान ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को दिल्ली बुलाया है।
नेता प्रतिपक्ष इस्तीफा देने वाले 3 निर्दलीय विधायकों होशियार सिंह, केएल ठाकुर और आशीष शर्मा के साथ चार्टर विमान में दिल्ली के लिए रवाना हुए।

माना जा रहा है कि अब भाजपा आलाकमान के समक्ष कांग्रेस के 6 बागी और इस्तीफा देने वाले 3 निर्दलीय विधायक कभी भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इसको लेकर औपचारिक घोषणा करना बाकी है।
इसी घोषणा के दौरान भाजपा इन सभी को विधानसभा उपचुनावों में उतारने की घोषणा भी कर सकती है। उधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल पहले ही दिल्ली में डटे हैं।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के 6 बागी एवं इस्तीफा देने वाले 3 निर्दलीय विधायक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान सार्थक दिशा में बात आगे बढ़ी है तथा पार्टी आलाकमान की तरफ से स्थिति को स्पष्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में इस विषय पर अब आगे चर्चा होगी।

बताया जा रहा है चुनाव आयोग की तरफ से 3 निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे से खाली हुए 3 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव की घोषणा जल्द हो सकती है। यह उपचुनाव हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की 4 और पहले से घोषित 6 विधानसभा उपचुनाव के साथ होंगे।