Spread the love

शिमला : राज्यसभा चुनाव के बाद लगातार बदलते हिमाचल प्रदेश के सियासी समीकरणों के बीच शुक्रवार को प्रदेश की सियासत में एक और नया मोड़ आया। जिसके कारण प्रदेश की सियासत फिर उबाल आ गया है।

उल्लेखनीय है कि राजनैतिक उठापटक के बीच शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के तीन निर्दलीय विधायकों ने प्रदेश विधानसभा पहुंचकर अपना इस्तीफा दिया। मिली जानकारी के मुताबिक निर्दलीय विधायक केएल ठाकुर, होशियार सिंह व आशीष शर्मा ने अपना इस्तीफा विधानसभा सचिव को सौंप दिया है।

तीनों निर्दलीय विधायकों द्वारा विधानसभा से इस्तीफा दिए जाने के बाद यह तय हो गया कि अब हिमाचल प्रदेश में छः नहीं , बल्कि नौ विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे।

चूंकि अयोग्य घोषित कांग्रेस के छः बागियों की सीटों पर उपचुनाव की घोषणा पहले ही जारी हो चुकी है। 3 विधायकों द्वारा इस्तीफा दिए जाने के बाद अब 3 विधानसभा क्षेत्रों में भी उपचुनाव की घोषणा हो सकती है।

नालागढ़ से केएल ठाकुर, देहरा से होशियार सिंह और हमीरपुर से आशीष शर्मा निर्दलीय विधायक थे। अब वहां पर भी उपचुनाव होंगे। जबकि, अयोग्य घोषित कांग्रेस के बागियों से खाली हुई धर्मशाला, सुजानपुर, गगरेट, कुटलैहड़़, लाहौल-स्पीति और बड़सर सीटों पर भी उपचुनाव होने हैं।

उधर, निर्दलीय विधायकों का कहना है कि उन्होंने अपने क्षेत्र की जनता के हित में विधायक पद से इस्तीफा दिया है। कहा कि वह भाजपा के टिकट पर विधानसभा उपचुनाव लड़ेंगे। कहा कि एक-दो दिन में भाजपा की सदस्यता लेंगे।

तीनों निर्दलीय विधायकों ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हर्ष महाजन के समर्थन में मतदान करने के बाद से उन्हें सरकार की ओर से परेशान किया गया। इसके बाद तीनों निर्दलीय राज्यपाल से मिलने राजभवन चले गए।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!