करंट न्यूज ब्यूरो
हमीरपुर
परिवार वालों की मर्जी के खिलाफ शादी रचाने पर दुल्हन के मायका पक्ष के दो दर्जन लोगों ने आधी रात को दूल्हे के घर पर हमला बोल दिया। इस हमले में आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड पांच भोटा चौक में बुधवार देर रात तीन बजे दो परिवारों में खूनी संघर्ष हुआ। कोर्ट मैरिज (कानूनी विवाह) से नाराज पंजाब के लुधियाना शहर के लड़की पक्ष के परिवार ने 20-25 लोगों के साथ यहां पहुंचकर घटना को अंजाम दिया।
युवक पक्ष से दुल्हा सुमित भाटिया उसके पिता प्रेम चंद भाटिया तथा उसकी बहन शिल्पा को चोटें आई हैं। उन्हें मेडिकल कालेज हमीरपुर में प्राथमिक उपचार देने के बाद टांडा रेफर किया गया, जहां वे उपचाराधीन हैं। जबकि दूल्हे की माता और चाचा समेत अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि संघर्ष में कुल्हाड़ी, डंडों तथा तेजधार हथियारों का इस्तेमाल किया गया है। करीब तीन बजे युवती के परिजन दरवाजा तोड़कर युवक पक्ष के घर में घुसे और 20 मिनट में घटना को अंजाम देकर बेटी को अपने साथ ले गए।
हमले में घायल शिल्पा ने बताया कि उसके भाई ने लुधियाना की लड़की से शादी की। शादी से नाराज लड़की के परिजन रात को उनके घर पहुंचे और कुल्हाड़ी तथा पत्थरों के साथ दरवाजा तोड़ा।
उसके भाई और पिता को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। उसके साथ अश्लील हरकतें भी की गईं। उसकी गले की चेन, अन्य गहने व घर से थोड़ी-बहुत नकदी भी ले गए हैं।
सूचना देने के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस
इस मामले में पीड़ित पक्ष के लोगों ने पुलिस की चौकसी पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रात को ही पुलिस को इस बारे में सूचना दी गई, लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा। जबकि उनका घर सदर थाना हमीरपुर से करीब 300 मीटर दूर है।
सुबह आठ-नौ बजे पुलिस पहुंची। अब मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की बात कही जा रही है। सुमित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसकी पत्नी की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, अन्यथा वे लोग पत्नी को जान से मार सकते हैं।
उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर विजय सकलानी ने कहा कि शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित लोगों का मेडिकल करवाया जा रहा है। मामले की जांच चल रही है।