करंट न्यूज ब्यूरो
कुल्लू
उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने अधिकारियों को मनाली विधानसभा क्षेत्र के तहत बंदरोल में इंडोर खेल स्टेडियम व अन्य मुख्यमंत्री घोषणाओं से सम्बंधित कार्य में तेज़ी लाने को कहा।
उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए शीघ्रभूमि चयनित की जाए। कहा कि इंडोर स्टेडियम 10 बीघा भूमि पर निर्मित किया जाएगा। जिसमें बैडमिंटन, बॉक्सिंग, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल तथा टेबल टेनिस खेलने की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी।

गर्ग ने युवा सेवाएं एवं अटल बिहारी वाजपेयी खेल एवं पर्वतारोहण संस्थान को मनाली विधानसभा के तहत सोलंग नाला में आइस स्केटिंग रिंक स्थापित करने संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
कहा कि यहां पर स्केटिंग रिंक स्थापित करने से शीतकालीन खेलों को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। जिससे यहां आने वाले पर्यटक वर्ष भर आइस स्केटिंग का आनंद उठा सकेंगे तथा विभिन्न प्रकार की राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा सकेगी।

उपायुक्त ने सोलंग घाटी में वे साईड सुविधाएं सृजित करने के निर्देश दिए। ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने डोभी तथा पीज़ से ढालपुर पैराग्लाइडिंग आरंभ करने संबंधी सभी आवश्यक औपचारिकताएं पर्यटन विभाग को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक आयुक्त (लीव रिज़र्व) दीप्ति चौहान, जिला पर्यटन अधिकारी सुनयना शर्मा, डीआरडीओ जयवंती, डीएफओ कुल्लू एंजल चौहान, युवा सेवाए एवं खेल विभाग तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।