करंट न्यूज ब्यूरो
बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के बहुचर्चित पुलिस भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में एसआईटी द्वारा धड़ाधड़ गिरफ्तारियां की जा रही है। पिछले दिन कुल्लू जिला के बंजार से एक दलाल को गिरफ्तार करने के बाद रविवार को बिलासपुर व शिमला से तीन लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक एसआईटी द्वारा गिरफ्तार आरोपियों व छात्रों से पूछताछ में बिलासपुर का जिक्र भी आया। तो एसआईटी ने बिलासपुर में दबिश दे कर छात्र से पूछताछ की और उसके बाद छात्र के पिता को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया तो सारी परतें उघड़ गई।
जानकारी के अनुसार एसआईटी ने जब छात्र से कुछ सवाल किए, लेकिन वह किसी भी सवाल का सही जवाब नहीं दे पाया। दबाव बढ़ा तो परीक्षा देने वाले छात्र ने सारा सच उगल दिया। छात्र ने बताया कि उसके पिता ने ही पेपर की सेटिंग करवाई थी।
उसके बाद पुलिस ने छात्र के पिता से पूछताछ की, तो उसने भी पुलिस को सारी सच्चाई बयान कर दी। बताया कि शिमला से एक व्यक्ति द्वारा इस मामले में मदद करने की एवज में छः लाख देकर इस मामले में सौदा तय हुआ था।
जिस पर एसआईटी त्वरित कार्रवाई करते हुए शिमला से उस दलाल को भी धर दबोचा। जिससे छः लाख के बदले में पेपर का सौदा हुआ था।
सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि शिमला के इस दलाल ने अनेक छात्रों को पेपर उपलब्ध करवाया था। जिसका खुलासा एसआईटी की जांच में जल्द ही होने वाला है।