करंट न्यूज ब्यूरो
चंबा
रविवार देर रात जिला के चुराह उपमंडल के तहत सुइला गांव में हुये भयंकर अग्निकांड में एक ही परिवार के चार लोगों की झुलसकर मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी व उनके दो बच्चे शामिल हैं। जबकि आग लगने से साथ लगती पशुशाला में बंधे नौ मवेशी भी झुलकर मर गए। आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।
मिली जानकारी के अनुसार आग रात करीब 11 बजे लगी, इस दौरान क्षेत्र में बारिश हो रही थी। जब तक आसपास के लोगों को आग लगने की भनक लगी तब बहुत देर हो चुकी थी। चारों लोगों की दम घुटने से मौत हो गई थी। आग लगने की सूचना मिलते ही रात को ही पंचायत के प्रधान व पूर्व प्रधान मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही भंजराड़ू से पुलिस दल भी मौके पर पहुंच गया। जनवास तक गाड़ी योग्य सड़क है, उससे आगे प्रशासन भी पैदल ही मौके पर पहुंचा। इस हादसे में 30 वर्षीय देसराज, 25 वर्षीय डोलमा व उनके दो बच्चों की मौत हो गई। बच्चों की उम्र तीन से पांच साल के बीच है। तहसीलदार चुराह प्रकाश चंद व थाना प्रभारी तीसा सुरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारी हादसे के कारणों की छानबीन कर रहे हैं।
विधानसभा उपाध्यक्ष ने जताया शोक
स्थानीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने प्रशासन को मदद करने व मामले की जांच करने का आदेश दिया है। हंसराज ने वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि अभी वह शिमला में हैं, लेकिन इस हादसे से बेहद दुखी हैं।
उन्होंने कहा उनके पास के ही गांव के रहने वाले देसराज उनके परिचित व मित्र थे। इस तरह हादसे में पूरे परिवार की मौत से वह स्तब्ध हैं। उन्होंने इस मामले में प्रशासन को हर संभव मदद करने के निर्देश दिये हैं।