Spread the love

एजेंसी
चंडीगढ़


मंगवार को पंजाब की भगवंत मान सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश में विभिन्न विभागों में तैनात ग्रुप सी व डी के 35,000 अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने का फैसला लिया। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि इस संबंध में मुख्य सचिव को निर्देश जारी कर दिए हैं।

इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने ऐसी संविदात्मक और आउटसोर्सिंग भर्तियों को समाप्त करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने मुख्य सचिव को कहा है कि अगले विधानसभा के सत्र से पहले इस कानून का मसौदा बनाकर भेजा जाए। ताकि सरकार विधानसभा में उसे मंजूर करके लागू कर सके।

उल्लेखनीय है कि पंजाब की सत्ता संभालने के बाद भगवंत मान लगातार फैसले ले रहे हैं। अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में मान सरकार ने 25 हजार सरकारी पदों को भरने को हरी झंडी दे दी थी। जिसके तहत 15000 पद बोर्ड, निगमों व विभागों के भरे जाएंगे, जबकि 10 हजार पद पंजाब पुलिस में भरे जाएंगे।

इसके अलावा मंगलवार को मान सरकार ने शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस पर हर वर्ष सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की है। भगवंत मान ने विधानसभा में कहा कि पहले सिर्फ नवांशहर में छुट्टी होती थी। कहा कि भगत सिंह पूरे देश के हैं। उनके शहीदी दिवस पर पूरे पंजाब में छुट्टी होगी।

भ्रष्टाचार की शिकायत को जारी होगा नंबर

वहीं, भगवंत मान सरकार अब भ्रष्टाचार पर नकेल कसने की तैयारी में है। शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस पर मान एक नंबर जारी करेंगे। यह नंबर उनका खुद का होगा। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति भ्रष्टाचार से जुड़ी जानकारी दे सकता है।

भगवंत मान ने कहा कि इस नंबर पर आने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार सहन नहीं किया जाएगा। इससे पहले पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल भी कह चुके हैं कि आप की सरकार में और कुछ सहन हो सकता है भ्रष्टाचार नहीं।

छुट्टी की अधिसूचना जारी

पंजाब सरकार द्वारा शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस के अवसर पर 23 मार्च को अवकाश का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि 23 मार्च, 2022 दिन बुधवार को शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस के अवसर पर पंजाब सरकार के सरकारी दफ्तरों, बोर्डों/कारपोरेशनों और सरकारी शैक्षिक संस्थानों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!